ग्रेटर नोएडा में घंटों का जाम अब 2 मिनट में पार, किसान चौक अंडरपास का ट्रायल रन शुरू; 5 लाख लोगों को राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में किसान चौक अंडरपास ट्रायल के लिए खोल दिया गया है, जिससे घंटों का सफर अब महज ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित किसान चौक अंडरपास से होकर गुजरते वाहन । सौ. निवासी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित किसान चौक (गौड़ चौक) पर ट्रायल के तौर पर अंडरपास आमजन के लिए खोल दिया गया। सुबह से ही वाहन चालकों के चेहरे पर राहत साफ दिखी।
जो रास्ता पहले घंटों के जाम में कटता था, वह अब महज दो मिनट में पार हो गया। अंडरपास खुलते ही वाहनों ने फर्राटा भरना शुरू कर दिया। पहले यहां पीक आवर में लंबी कतारें लग जाती थीं।
स्कूली बसें, ऑफिस जाने वाले लोग और एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती थीं। अब अंडरपास के रास्ते बिना रुके आवागमन हो रहा है। एक मूर्ति से नोएडा की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी जाम की समस्या काफी हद तक कम हुई है। सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों ने कहा कि अब समय पर पहुंचना आसान हो गया है।
पांच लाख लोगों को जाम से मिली निजात
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार 5 नवंबर 2026 से 700 मीटर लंबे अंडरपास का तीन दिवसीय ट्रायल रन शुरू कर दिया है। जुलाई 2024 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान आसपास की दर्जनों सोसायटियों में रहने वाले पांच लाख से ज्यादा निवासियों को धूल, डायवर्जन और घंटों के जाम का सामना करना पड़ा था।
पीक आवर्स में पर्थला फ्लाईओवर तक करीब साढ़े छह किमी तक गाड़ियां रेंगती थीं। अब ताज हाईवे का ट्रैफिक गोलचक्कर के नीचे से सीधे गुजर रहा है, जिससे गोलचक्कर पर वाहनों का जमावड़ा नहीं लग रहा।
चौराहे से रोजाना गुजरते हैं एक लाख से अधिक वाहन
गोलचक्कर से रोजाना करीब एक लाख वाहन गुजरते हैं। प्राधिकरण का अनुमान है कि अंडरपास के जरिए रोज करीब 30,000 वाहन गोलचक्कर को पूरी तरह बाईपास कर सकेंगे।
इससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और क्रॉसिंग रिपब्लिक के बीच सफर आसान हो गया है। तिगड़ी गोलचक्कर से सूरजपुर और सूरजपुर से तिगरी की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है।
पहले घंटों लगते थे, अब दो से तीन मिनट में रास्ता पार हो रहा है। एक मूर्ति से नोएडा की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी जाम से निजात मिली है।
ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए चौराहे के पास दो नए यू-टर्न चालू किए गए हैं और सर्विस रोड की रीसरफेसिंग की गई है। निर्माण के दौरान हटाई गई गौतमबुद्ध की चार मूर्ति प्रतिमा को पिछले सप्ताह गोलचक्कर पर दोबारा स्थापित कर दिया गया है।
अंडरपास की दीवारों को प्रकृति, हरियाली और पेंटिंग्स और वाल आर्ट से सजाया गया है। प्राधिकरण के अनुसार ट्रायल पांच से आठ नवंबर तक चलेगा।
इस दौरान ट्रैफिक प्रवाह, सिग्नल सिस्टम और अन्य कमियों की जांच की जाएगी। ट्रायल सफल रहा तो जल्द ही औपचारिक उद्घाटन की तारीख का ऐलान किया जाएगा।
रोजना बच्चों को जाम का सामना करना पड़ता था। जाम से पिछले कई सालों में किसान चौक पर जाम से निजात मिली है। अंडरपास ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए वरदान साबित होगा।
-पल्लवी गुप्ता
पहले किसान चौक का नाम सुनते ही टेंशन हो जाती थी। अब गाड़ी सीधे अंडरपास से निकल गई न ब्रेक न हार्न।
-रश्मि पांडेय, गौतमबुद्ध नगर सेवा समिति अध्यक्ष
महिलाओं और बुजुर्गों के साथ खबर के लिए अब सफर सुरक्षित और आसान हो गया है। पहले जाम में फंसकर आटो का किराया भी ज्यादा देना पड़ता था। ट्रायल के दौरान ही व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए, ताकि हादसों से बचा जा सके।
-अन्नू खान, नेफोमा अध्यक्ष
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में PNG कनेक्शन वाली सोसायटियों में नहीं मिलेंगे LPG सिलिंडर, नोटिस के बाद हड़कंप