विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP में टिकट बंटवारे पर केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा संदेश, अखिलेश-राहुल पर तंज; ग्रेटर नोएडा में दे गए जीत का मंत्र

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:59 AM (IST)

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्रेटर नोएडा में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता टिकट पर जोर न देकर पार्टी की जीत सुनिश्चित करें और कमल खिलाएं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कनारसी गांव में भव्य स्वागत। जागरण

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कनारसी गांव में भव्य स्वागत। जागरण

HighLights

  1. टिकट की बजाय भाजपा की जीत पर ध्यान दें कार्यकर्ता।

  2. उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष को धोखेबाज बताया, भाजपा को मौका।

  3. प्रजापति समाज की भूमि अधिग्रहण जांच का दिया आश्वासन।

अर्पित त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा। भारतीय जनता पार्टी के तत्वाधान में ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र कनारसी गांव में रविवार को प्रजापति समाज द्वारा आयोजित डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की 117वीं जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने टिकट बंटवारे को लेकर बड़ा संदेश दिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा नेता टिकट पर जोर न देकर पार्टी को विधानसभा चुनाव में जीत दिलाएं और कमल के फूल को खिलाएं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव पास आ रहे हैं। सीटों के लिए टिकट की दावेदारी 10 लोग करेंगे, लेकिन टिकट एक को ही मिलेगा। हमारा उद्देश्य विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताना और कमल को खिलाना है।

उन्होंने कहा कि टिकट मिले न मिले, फूल जरूर खिले। कार्यकर्ताओं को इसी भावना के साथ मैदान में उतरना होगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस धोखा है, भाजपा सरकार मौका है।

अखिलेश यादव अब मुख्यमंत्री नहीं बन सकते और उनके मित्र राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। यदि अपने आने वाली पीढ़ी की गर्दन दबाना चाहते हो तो साइकिल का बटन दबाना। हालांकि, सरकार भाजपा की ही बनेगी। साइकिल पंचर हो गई है।

योगदान देश कभी नहीं भूल सकता

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के सदस्य रहे डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण तक उनका योगदान देश कभी नहीं भूल सकता।

वहीं, ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और विचारों से परिचित कराना है। विपक्षी दलों निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी को लुटेरी और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने वाली पार्टी बताया।

कहा कि विपक्षी दलों ने हमेशा पिछड़े, वंचित और गरीब वर्गों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रही है।

केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं ने गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया है।

प्रजापति समाज की जमीनों को गौतमबुद्ध नगर के तीनों विकास प्राधिकरणों द्वारा सस्ते में लिए जाने की मांग पर मौर्य ने कहा कि वह इसकी जांच कराएंगे और पीड़ितों को न्याय दिलाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज पहले भी भाजपा के साथ था और आगे भी साथ रहकर 2027 में प्रदेश और केंद्र में सरकार बनाने में सहयोग करेगा।

2017 के बाद से अपराधी पुलिस से कांपते हैं

भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की जीत का भरोसा जताया। बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपील की कि जो लोग अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं वह मतदाता सूची में जरूर नाम दर्ज करा लें, ताकि भाजपा को मजबूत बनाया जा सके।

2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी और पुलिस को अपराधियों से डरना पड़ता था, लेकिन जब से भाजपा सरकार आई है गुंडे और अपराधी पुलिस से कांपते हैं।

भाजपा सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिला दिया है। जेवर में एयरपोर्ट बना दिया गया है जिससे आने वाली अनेक पीढ़ियों को हमेशा के लिए रोजगार मिल सकेगा।

वहीं, समारोह में पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, पूर्व मंत्री लोकेश प्रजापति, सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर, विजय प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति, सुरेश प्रजापति शिवकुमार प्रजापति आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली में केशव प्रसाद मौर्य ने सपा-कांग्रेस पर बोला हमला, भाजपा को बताया सामाजिक समरसता की त्रिवेणी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।