विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में केशव प्रसाद मौर्य ने सपा-कांग्रेस पर बोला हमला, भाजपा को बताया सामाजिक समरसता की त्रिवेणी

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:39 PM (IST)

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस पर जाति-धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा-कांग्रेस पर जाति-धर्म की राजनीति करने का आरोप।

  2. भाजपा को सामाजिक समरसता और विकास का प्रतीक बताया।

  3. अपराधियों पर लगाम, कानून व्यवस्था में सुधार का दावा।

जागरण संवाददाता, बरेली। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस पर समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने तथा तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस का उद्देश्य सभी वर्गों का विकास नहीं, बल्कि कुछ लोगों को साथ लेकर राजनीतिक लाभ उठाना है।

इसके विपरीत भाजपा सामाजिक समरसता की त्रिवेणी है। भाजपा एक ऐसा गुलदस्ता है, जिसमें सभी जातियों, वर्गों और संप्रदायों के लोगों को सम्मान मिलता है। समाज को बांटने वाले तमाम लोग आएंगे, लेकिन हमें उनके प्रयासों से सावधान रहना होगा।

मनोहर भूषण इंटर कालेज में हुए प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिभाओं को सम्मानित करना और उनका उत्साह बढ़ाना अच्छा प्रयास है।

सामाजिक समरसता भाजपा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जो काम कर रही है, उसका परिणाम दिखाई दे रहा है। आज योजनाओं का लाभ जाति और संप्रदाय देखकर नहीं, बल्कि पात्रता के आधार पर दिया जा रहा है।

पीडीए नारे पर भी साधा निशाना

केशव मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए नारे पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सभी समाजों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की सरकार में योजनाओं के लाभ में भी भेदभाव होता था। कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने पर जोर दिया जाता था, लेकिन अंत्येष्टि स्थलों के विकास पर ध्यान नहीं दिया जाता था।

भाजपा सरकार में किसी की जाति और संप्रदाय नहीं पूछा जाता। चार यूनिट वाले परिवारों को भी राशन और पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नौ वर्षों में 60 लाख लैपटॉप वितरित किए हैं। यह नहीं देखा गया कि लाभार्थी किस जाति या धर्म का है।

सपा पर हमला बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 तक प्रदेश में अपराध और गुंडागर्दी चरम पर थी। उस समय पुलिस अपराधियों से डरती थी, जबकि आज अपराधी पुलिस को देखकर भागते हैं। भाजपा सरकार में अपराधियों को प्रदेश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

उन्होंने इसका श्रेय जनता को देते हुए कहा कि वर्ष 2022 में भी लोगों ने कमल खिलाकर भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने सपा-कांग्रेस पर विकास का विजन नहीं होने और विदेशी एजेंसियों के नाम पर दुष्प्रचार करने का भी आरोप लगाया।

राम मंदिर के मुद्दे पर भी घेरा

उन्होंने कहा कि आज राम मंदिर में दर्शन करने जाने की बात करने वालों को पहले बताना चाहिए कि रामभक्तों का खून बहाने की घटना पर उनका क्या जवाब है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में दंगे नहीं हुए और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया गया।

केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि मजबूत हुई है। देश सामरिक शक्ति के रूप में उभरा है। आतंकवादी हमलों का जवाब देने की क्षमता भारत ने दुनिया को दिखाई है। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण दुनिया के कई देशों में तेल की कीमतें बढ़ रही हैं, लेकिन भारत ने ऊर्जा के नए विकल्प तलाशे हैं। थोरियम आधारित ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर भी काम हो रहा है।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के प्रयासों से करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकलकर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। गरीबों को आवास, राशन और स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं। तीन करोड़ से अधिक लखपति दीदियों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर जनता ने कमल का बटन नहीं दबाया होता तो ये बदलाव संभव नहीं होते।

उप मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि नाम जुड़वाने की प्रक्रिया एक महीने तक चलेगी। सभी पात्र लोग मतदाता सूची में अपना नाम जरूर शामिल कराएं। उन्होंने कहा कि वोट लोकतंत्र में जनता के हाथ का सबसे बड़ा हथियार है।

कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और सपा की साइकिल को पंचर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को तीसरी बार भी जनता का समर्थन चाहिए।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।