जेवर में खत्म होगी लो-वोल्टेज की समस्या, 19.22 करोड़ रुपये से बनेंगे दो नए बिजलीघर; इन गांवों को मिलेगा लाभ
जेवर में गर्मियों में बिजली संकट से निपटने और आपूर्ति मजबूत करने के लिए बंकापुर और छातंगा खुर्द में दो नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे।
-1795973605210_m.webp)
जेवर में बनेंगे दो बिजली घर। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
जेवर में दो नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बनेंगे।
बंकापुर और छातंगा खुर्द में बनेंगे नए बिजलीघर।
19.22 करोड़ रुपये की लागत से 2027 तक होंगे तैयार।
मनोज कुमार शर्मा, नोएडा। एयरपोर्ट संचालन के बाद जेवर में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बढ़ती बिजली की मांग और सीमित संसाधनों पर बढ़ते दबाव के बीच लोगों के लिए राहत की खबर है।
गर्मियों में बिजली संकट से निपटने और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बंकापुर और छातंगा खुर्द में दो नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। दोनों परियोजनाओं पर 19 करोड़ 22 लाख 41 हजार रुपये खर्च होंगे।
जून तक दोनों बिजलीघरों का होगा निर्माण
दोनों बिजलीघर का निर्माण कार्य 30 जून 2027 तक पूरा कर सुचारू करने का लक्ष्य रखा गया है। नए बिजलीघरों के शुरू होने से बिजली आपूर्ति का ढांचा मजबूत होने के साथ ही बिजली का भार बंटेगा और लो-वोल्टेज व बार-बार ट्रिपिंग की समस्या कम होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
गर्मी शुरू होते ही बिजली आपूर्ति पर बढ़ेगा दबाव
दरअसल, गर्मी का मौसम शुरू होते ही जेवर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पर दबाव बढ़ जाता है। लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है।
बंकापुर बिजलीघर के आसपास दयौरार, धनसिया, दस्तमपुर, मिलक, मुढरह और थोरा गांवों के साथ विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों में भी बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है।
इसे देखते हुए बंकापुर में 2×10 एमवीए क्षमता का नया उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर 11 करोड़ 29 लाख 63 हजार रुपये खर्च होंगे।
आसपास के गांवों को भी मिलेगा लाभ
इससे आसपास के गांवों और औद्योगिक क्षेत्रों की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। जेवर कस्बे के विद्युत उपकेंद्र पर बढ़ते लोड को कम करने के लिए छातंगा खुर्द में 2×5 एमवीए क्षमता का बिजलीघर स्थापित किया जाएगा।
इस पर 7 करोड़ 92 लाख 81 हजार रुपये खर्च होंगे। इससे जेवर देहात और खादर क्षेत्र के गांवों को जोड़कर विद्युत भार का बेहतर वितरण करने की योजना है। इसका सीधा लाभ कस्बे और आसपास के ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलेगा।
औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ रही बिजली की मांग
जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के चलते बिजली की खपत तेजी से बढ़ रही है। आबादी का विस्तार, नए औद्योगिक क्षेत्र और कृषि गतिविधियां भी मौजूदा संसाधनों पर दबाव बढ़ा रही हैं।
गर्मियों में घरेलू उपकरणों और ट्यूबवेल के संचालन से यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे में दोनों नए उपकेंद्र बिजली आपूर्ति व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।
दोनों बिजलीघरों से बंटेगा लोड
नए उपकेंद्र शुरू होने के बाद मौजूदा बिजलीघरों पर निर्भरता और अतिरिक्त भार कम करने में मदद मिलेगी। इससे ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या में राहत मिलना तय माना जा रहा है।
हालांकि, दोनों परियोजनाओं को पूरा करने की निर्धारित समयसीमा 30 जून 2027 है। अगर तय समय में निर्माण और दोनों बिजलीघर का संचालन शुरू हुआ तो जेवर क्षेत्र के लिए बड़ी राहत होगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा के दो नए एलिवेटेड रोड के टेंडर नियमों में बड़ा बदलाव, निर्माण कंपनी को 10 साल तक करना होगा रखरखाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।