10 प्रतिशत भूखंड व आबादी की मांग को लेकर आर-पार के मूड में किसान, 29 नवंबर को जेवर में महापंचायत
भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की 29 नवंबर को जेवर के फलैदा कट पर होने वाली महापंचायत की तैयारियों को लेकर नोएडा में बैठक हुई। इसमें नोएडा से बड़ी संख्या में किसानों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई।

भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की महापंचायत की तैयारियों को लेकर नोएडा महानगर कार्यालय में बैठक हुई। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, नोएडा। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की 29 नवंबर को जेवर के फलैदा कट पर होने वाली महापंचायत की तैयारियों को लेकर नोएडा महानगर कार्यालय में बैठक हुई।
इसमें सर्वसम्मति से तय किया गया कि महानगर से बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता महापंचायत में पहुंचकर किसानों की आवाज बुलंद करेंगे।
बताया गया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर के किसानों की आबादी, 10 प्रतिशत भूखंड, यमुना एक्सप्रेसवे के आवासीय प्लाट तथा यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर पिछले 17 माह से अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है।
किसानों का कहना है कि सरकार और प्राधिकरण की ओर से सुनवाई नहीं होने के कारण उनमें रोष है। इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर 29 नवंबर को फलैदा कट जेवर में महापंचायत आयोजित की जाएगी।
29 नवंबर को फलैदा कट पर महापंचायत
राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि भारत की 80 प्रतिशत आबादी किसानों की है, फिर भी किसान अपने अधिकारों के लिए आंदोलित और परेशान हैं।
जबकि किसानों के वोट से ही एमपी, एमएलए, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनते हैं, इसके बावजूद किसानों की सुनवाई नहीं होना शर्म की बात है।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगा।
बैठक में ओमप्रकाश गुर्जर, हरेंद्र सिंह, राजकुमार मोनू, सुनील बैसोया, महेश बैसोया, संजीव चपराना, रामवीर तंवर, इंद्र प्रधान, जीत सिंह, अजय नागर, अंकित अवाना, उमेश पाल, सुधीर ठाकुर, अरुण दादा, विवेक कुमार, शोभित अवाना, मनोज प्रजापति और आकाश अवाना समेत अन्य लोग मौजूद रहे।