जेवर में खेत में सो रहे किसान की हत्या के राज से उठा पर्दा, प्रॉपर्टी के लालच में छोटे भाई ने ही की थी हत्या
जेवर के नीमका गांव में खेत में सो रहे किसान भोले शंकर की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया ...और पढ़ें
HighLights
किसान भोले शंकर की खेत में सोते समय गला काटकर हत्या हुई।
संपत्ति विवाद के कारण छोटे भाई देवेंद्र ने ही हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नीमका गांव में पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर खेत में सो रहे किसान भोले शंकर की गला काटकर हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने देर रात मृतक के छोटे भाई देवेंद्र को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ीं।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सोमवार सुबह करीब छह बजे मृतक का बेटा योगेंद्र उर्फ लक्की चाय लेकर खेत पर पहुंचा था। वहां पिता का खून से लथपथ शव पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो वारदात से पहले एक संदिग्ध व्यक्ति खेत की ओर जाता दिखाई दिया। उसकी कद-काठी मृतक के छोटे भाई देवेंद्र उर्फ देवू से मिलती-जुलती थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
हत्या का मुकदमा दर्ज किया
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई और जांच आगे बढ़ने पर उसकी भूमिका स्पष्ट हुई। देर रात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर उसके खिलाफ पहले ही हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा चुका था।
हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें लगाई थीं। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के अलावा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्वजन से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
प्रॉपर्टी के चक्कर में हुई वारदात
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा पहले ही बरामद कर लिया है। खेत में सो रहे किसान की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्य ने की थी। संपत्ति के विवाद ने वर्षों पुराने भाईचारे को खून के रिश्ते तक पहुंचा दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए किसी तरह का पछतावा भी जाहिर नहीं किया । पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- नोएडा की सबसे ऊंची इमारत में कड़े होंगे सुरक्षा के इंतजाम, सुपरनोवा की हर मंजिल पर बढ़ेगी गार्ड्स की तैनाती
यह भी पढ़ें- 17 गांव, 2500 से ज्यादा LED लाइट और 3.34 करोड़ का खर्च, दीपावली से पहले रोशन होगा ग्रेटर नोएडा वेस्ट
