17 गांव, 2500 से ज्यादा LED लाइट और 3.34 करोड़ का खर्च, दीपावली से पहले रोशन होगा ग्रेटर नोएडा वेस्ट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में 2500 से अधिक नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, जिस पर ...और पढ़ें

इसी तरह से गांवों में भी जगमाएंगे एलईडी लाइट। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में लगेंगी नई एलईडी लाइटें।
कुल 2500 से अधिक स्ट्रीट लाइटों पर 3.34 करोड़ खर्च होंगे।
अमीनाबाद, पतवाड़ी, बिसरख में दीपावली से पहले रोशनी होगी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गांवों में अंधेरे से जूझ रही गलियों को जल्द रोशनी मिलने वाली है। प्राधिकरण ने अमीनाबाद, पतवाड़ी और बिसरख समेत 17 गांवों में 2500 से अधिक नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया है।
दीपावली से पहले काम पूरा करने के लिए विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक जिन गांवों में लाइटें लगाई जानी हैं, उनमें सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा शामिल हैं।
इन गांवों में आबादी तेजी से बढ़ने से कई नई गलियां विकसित हो गई हैं, जहां अब तक स्ट्रीट लाइट नहीं पहुंच पाई थी। रात के समय अंधेरा रहने से हादसों और सुरक्षा को लेकर ग्रामीण लगातार लाइट लगाने की मांग कर रहे थे।
3.34 करोड़ रुपये होंगे खर्च
सीईओ रवि कुमार एनजी के निर्देश पर अंधेरे वाले स्थानों पर लाइट लगाने का टेंडर जारी किया गया था। इस परियोजना पर करीब 3.34 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ प्रबंधक अजीत भाई पटेल ने बताया कि बिसरख, अमीनाबाद और पतवाड़ी में दीवाली से पहले लाइट लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा, जबकि सभी 17 गांवों में अगले 5 से 6 महीने में पूरा नेटवर्क रोशन हो जाएगा।
