विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में खेत में सो रहे किसान बेरहमी से हत्या, फावड़े से काटा गला; पुलिस हिरासत में सगा भाई

Published: Mon, 05 Oct 2026 10:46 PM (IST)

जेवर के नीमका गांव में खेत पर सो रहे किसान भोले शंकर की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में खेत में सो रहे किसान भोला शंकर की हत्या। फोटो: फाइल एवं जागरण

ग्रेटर नोएडा में खेत में सो रहे किसान भोला शंकर की हत्या। फोटो: फाइल एवं जागरण

HighLights

  1. जेवर के नीमका गांव में किसान की फावड़े से हत्या

  2. मृतक के छोटे भाई देवेंद्र पर हत्या का आरोप

  3. पुलिस ने संदिग्ध छोटे भाई को हिरासत में लिया

जागरण संवाददाता, जेवर। कोतवाली क्षेत्र के नीमका गांव में रविवार रात खेत पर सो रहे किसान भोले शंकर को हमलावर ने निशाना बनाया। आधी रात के बाद फावड़े से किसान का गला काटकर हत्या कर दी गई।

वारदात इतनी खामोशी से हुई कि चंद कदम की दूरी पर स्थित पुलिस चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों को भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह करीब छह बजे बेटा योगेंद्र उर्फ लक्की चाय लेकर खेत पहुंचा, तो पिता का खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस चौकी से चंद कदम दूर हत्या की जानकारी से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है।

सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध व्यक्ति

पुलिस ने बिना समय गवाएं घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें वारदात से पहले एक संदिग्ध व्यक्ति घटनास्थल की ओर जाता दिखाई दिया। उसकी कद-काठी मृतक के छोटे भाई देवेंद्र उर्फ देवू से मिलती-जुलती बताई जा रही है।

घटना के बाद से देवेंद्र के गांव में नहीं मिलने और भाई की हत्या के बाद मौके पर नहीं पहुंचने के कारण स्वजन ने उस पर संदेह जताया है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बेटे लक्की ने बताया कि उनके पिता भोले शंकर काफी समय से खेतों पर ही सोते थे। रविवार रात को वह उन्हें खाना खिलाकर गांव गया था। रास्ते में राते करीब 10:45 बजे उसका चाचा देवेंद्र खेतों की तरफ गाली देते हुए जाता मिला।

सोमवार सुबह करीब छह बजे योगेंद्र उर्फ लक्की चाय लेकर खेत पहुंचा। वहां पिता का खून से लथपथ शव पड़ा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्वजन और ग्रामीणों ने किसी संपत्ति विवाद की जानकारी से इन्कार किया है। हत्या के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की तीन टीमें विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं।

ग्रामीणों ने शव उठाने से किया इनकार

चौकी से चंद कदम दूर किसान की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इन्कार कर जेवर खुर्जा मार्ग पर जाम लगाने की तैयारी करने लगे।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। मृतक के बेटे योगेंद्र उर्फ लक्की की शिकायत पर देवेंद्र उर्फ देवू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। ग्रामीण और स्वजन ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया।

मृतक के बेटे के तहरीर पर आरोपित चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- अभय कुमार मिश्रा, एडीसीपी

यह भी पढ़ें- अलार्म बजा न इंटरकॉम, ग्रेटर नोएडा के अजनारा होम्स में 20 मिनट लिफ्ट में फंसे रहे 14 लोग; बच्चों की हालत बिगड़ी