अलार्म बजा न इंटरकॉम, ग्रेटर नोएडा के अजनारा होम्स में 20 मिनट लिफ्ट में फंसे रहे 14 लोग; बच्चों की हालत बिगड़ी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में एक लिफ्ट में पांच बच्चों और तीन महिलाओं समेत 14 लोग 20 ...और पढ़ें

अजनारा होम्स में बच्चों समेत 14 लोग लिफ्ट में फंस गए। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
अजनारा होम्स लिफ्ट में 14 लोग 20 मिनट तक फंसे रहे
फंसे बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हुई, एक बच्चा रोया
निवासियों ने खराब रखरखाव और सुरक्षा सुविधाओं पर गुस्सा जताया
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी के एम टावर में सोमवार शाम बड़ा हादसा होते-होते बचा। लिफ्ट में पांच बच्चे, तीन महिलाओं समेत 14 लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे।
इस दौरान बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हुई और एक बच्चा डर से रोने लगा। लिफ्ट में फंसे सोसायटी निवासी एसएस पांडे ने बताया कि शाम को 14 लोग ऊपर से नीचे जा रहे थे। पहली मंजिल पर आते ही लिफ्ट झटका लेकर रुक गई।
10 मिनट तक दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने गेट पीटकर मदद मांगी। शोर सुनकर अन्य निवासियों ने मेंटेनेंस और सुरक्षा टीम को बुलाया, तब जाकर सभी को बाहर निकाला गया।
मेंटेनेंस की लापरवाही से दो लिफ्ट खराब
निवासियों का आरोप है कि टावर में तीन लिफ्ट हैं, लेकिन मेंटेनेंस की लापरवाही से दो पहले से ही खराब थीं। एक सर्विस लिफ्ट सुबह से बंद थी, दूसरी दोपहर में खराब हो गई। शाम को पूरी बिल्डिंग एक ही लिफ्ट के भरोसे थी और वही बंद हो गई।
सोसायटी निवासी दिनकर पांडे ने आरोप लगाया कि लिफ्ट का रजिस्ट्रेशन तक नहीं है। लिफ्ट में अलार्म और इंटरकाॅम जैसी जरूरी सुरक्षा सुविधा भी नहीं है। अलार्म बजाने के बाद भी मदद देर से पहुंची।
मेंटेनेंस प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश
निवासियों में मेंटेनेंस प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हर महीने समय से मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता है, लेकिन सुविधा नहीं दी जाती। पिछले सप्ताह कचरा उठान बंद करने और डिलीवरी ब्वाॅय, दूध-दवा वालों की एंट्री रोकने को लेकर भी विवाद हो चुका है।
निवासियों ने पुलिस प्रशासन से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई और लिफ्ट की तत्काल मरम्मत व सुरक्षा ऑडिट की मांग की है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में चल रही थी हेरोइन की फैक्ट्री, दिल्ली पुलिस ने पकड़ी 50 करोड़ की ड्रग्स; मास्टरमाइंड गिरफ्तार
