विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में चल रही थी हेरोइन की फैक्ट्री, दिल्ली पुलिस ने पकड़ी 50 करोड़ की ड्रग्स; मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Published: Mon, 05 Oct 2026 10:16 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की रोहिणी टीम ने लखनऊ में एक अवैध हेरोइन फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 7 किलो हेरोइन बरामद की ...और पढ़ें

रोहिणी जिले की विशेष स्टाफ टीम ने मादक पदार्थ की तस्करी में आरोपियो को पकड़ा। फोटो: दिल्ली पुलिस

रोहिणी जिले की विशेष स्टाफ टीम ने मादक पदार्थ की तस्करी में आरोपियो को पकड़ा। फोटो: दिल्ली पुलिस

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लखनऊ सि्थत सीता कालोनी व जानकी पुरम में अवैध रूप से तैयार हो रही सात किलो हेरोइन बरामद कर दिल्ली के रोहिणी जिले की विशेष स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

मामले में अवैध फैक्ट्री संचालक सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।

दिल्ली के साथ पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में हेरोइन की तस्करी हो रही थी। मामले में पकड़े गए एक आराेपित पर 12 मामले दर्ज हैं।

दिल्ली में 300 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा

पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के अनुसार इंस्पेक्टर संदीप गोदारा की टीम को 16 सितंबर को दिल्ली में रोहिणी के बेगमपुर क्षेत्र में हेरोइन की आपूर्ति की सूचना मिली थी।

सेक्टर-32 में जाल बिछाकर पुलिस ने पहले रोहतक निवासी 58 वर्षीय लक्ष्मण हुड्डा को ग्रैंड विटारा कार सहित पकड़ा। उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये बरामद हुए।

इस संबंध में बेगमपुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि लक्ष्मण पहले एक हत्या के मामले में भी शामिल रहा है।

मुख्य आपूर्तिकर्ता अनिल भोला गिरफ्तार

लक्ष्मण से हुई पूछताछ के बाद अगले दिन पुलिस टीम ने हरियाणा में सोनीपत के रघुबीर नगर निवासी अनिल उर्फ भोला (51) को गिरफ्तार किया। उसके महिंद्रा एक्सयूवी-700 से 501 ग्राम हेरोइन मिली।

पूछताछ में पता चला कि अनिल ही इस नेटवर्क का मुख्य आपूर्तिकर्ता है। वह पहले 12 मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2025 में भलस्वा डेयरी थाने के एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार होने के बाद वह अंतरिम जमानत पर बाहर आया था, लेकिन जेल में आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गया।

बाद में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।

लखनऊ में पकड़ी गई अवैध निर्माण इकाई

अनिल से हुई गहन पूछताछ के बाद मादक पदार्थ की निर्माण व सप्लाई चेन का पता लगा और पुलिस टीम ने 4 अक्टूबर को लखनऊ स्थित सीता कालोनी, जानकी पुरम में हेरोइन निर्माण इकाई पर छापा मारा।

यहां से 6.275 किलो तैयार हेरोइन, 2.504 किलो सोडियम, 787 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड, टब, गैस सिलिंडर, मिश्रण करने वाली मशीन, उपकरण, पाॅलीथिन, इलेक्ट्राॅनिक वजन मशीन, लकड़ी की टोकरी और अन्य निर्माण सामग्री बरामद हुई।

बरेली से फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से 35 वर्षीय बबलू को पकड़ा। बबलू से मिली सूचना पर पुलिस ने निर्माण इकाई के मुख्य आपूर्तिकर्ता और मालिक रुकसार अली उर्फ राजू को बरेली से गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 120 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ा।

वह पहले तीन एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश तक हेरोइन की आपूर्ति और निर्माण से जुड़ा था। पुलिस अब इसके वित्तीय लेनदेन, कच्चा माल उपलब्ध कराने वालों और अन्य सहयोगियों की पहचान कर रही है।

पुलिस का दावा है कि लक्षमण सप्लाई चेन का हिस्सा था जबकि अनिल भोला राजू से मादक पदार्थ खरीदकर दिल्ली एनसीआर में सप्लाई कराता था।

लखनऊ के किराये के मकान में मादक पदार्थ तैयार किए जाने के बाद दिल्ली एनसीआर के अलावा पंजाब, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई होती थी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत बने ADCP, जंतर-मंतर पर छेड़खानी के आरोपों के बीच मिला प्रमोशन