विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR वालों के लिए गुड न्यूज, घने कोहरे में भी लेट नहीं होंगी फ्लाइट्स; जेवर एयरपोर्ट का CAT-IIIB ट्रायल शुरू

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:04 PM (IST)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घने कोहरे में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग की तैयारी की जा रही है। जिसके लिए ...और पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट। फोटो-जागरण आर्काइव

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. जेवर एयरपोर्ट पर कैट थ्री बी ट्रायल शुरू।

  2. घने कोहरे में विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव।

  3. उड़ानों का डायवर्जन और निरस्तीकरण कम होगा।

मनोज कुमार शर्मा, नोएडा। सर्दियों में घने कोहरे के दौरान भी विमानों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर) पर तैयारियां तेज हो गई हैं।

एयरपोर्ट पर कैट थ्री बी, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आइएलएस) की तकनीकी जांच के लिए कैलिब्रेशन ट्रायल शुरू कर दिया गया है।

एयरपोर्ट के सटीकता की हो रही जांच

एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) का विशेष विमान पिछले कुछ दिनों से दिल्ली से उड़ान भरकर जेवर पहुंच रहा है और रनवे के ऊपर अलग-अलग ऊंचाई, कोण और गति से उड़ान भरकर उपकरणों की सटीकता जांच रहा है।

सूत्रों के अनुसार, शनिवार को भी एएआइ का विमान वीटी-ईजेड करीब पांच घंटे तक एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में उड़ान भरकर परीक्षण करता रहा। यह सामान्य यात्री विमान की उड़ान नहीं, बल्कि विशेष तकनीकी परीक्षण है।

इसके माध्यम से रनवे पर लगे आइएलएस, लोकलाइजर, ग्लाइड पाथ और अन्य नेविगेशन उपकरणों के संकेतों की शुद्धता जांची जा रही है। साथ ही एटीसी से संबंधित तकनीकी व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।

ट्रायल पूरा होने के बाद रिपोर्ट का होगा मूल्यांकन

कैलिब्रेशन ट्रायल पूरा होने के बाद उपकरणों की तकनीकी रिपोर्ट का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से आवश्यक मंजूरी लेनी होगी।

रनवे की लाइटिंग, दृश्यता मापने वाले उपकरण, एटीसी और आपातकालीन व्यवस्थाओं सहित निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरा उतरना भी जरूरी होगा। देश में अभी केवल दिल्ली, लखनऊ, जयपुर, अमृतसर, कोलकाता और बेंगलुरु सहित छह प्रमुख एयरपोर्ट पर कैट थ्री लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध है।

रेडियो संकेतों से मिलेगी लैंडिंग में मदद

कैट थ्री बी अत्याधुनिक लैंडिंग प्रणाली है। सामान्य परिस्थितियों में पायलट रनवे को देखकर विमान उतारते हैं, लेकिन घने कोहरे में दृश्यता बेहद कम होने पर यह प्रणाली रेडियो संकेतों के माध्यम से विमान को रनवे तक पहुंचने का मार्ग दिखाती है।

इसमें लोकलाइजर विमान को रनवे की मध्य रेखा और ग्लाइड पाथ सही ऊंचाई पर बनाए रखने में मदद करता है। 3900 मीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा रनवे के पश्चिमी छोर को रनवे दस और पूर्वी छोर को रनवे 28 के नाम से पहचान है।

कैट थ्री बी मानकों के तहत निर्धारित परिस्थितियों में रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) 50 से 100 मीटर तक होने पर भी विमान की लैंडिंग संभव हो सकती है।

कोहरे में उड़ानों के डायवर्जन पर लगेगी लगाम

दिसंबर और जनवरी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा पड़ता है। इस दौरान कम दृश्यता के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित होती हैं और कई विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ता है।

जेवर एयरपोर्ट पर कैट थ्री बी संचालन की मंजूरी मिलने से ऐसी परिस्थितियों में विमानों की लैंडिंग की क्षमता बढ़ेगी। इससे यात्रियों को उड़ानों के निरस्तीकरण और डायवर्जन से होने वाली परेशानी कम करने में मदद मिलेगी।

हालांकि, कम दृश्यता में भी उड़ानों का संचालन मौसम, विमान की क्षमता और सुरक्षा संबंधी अन्य शर्तों पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 17 साल के छात्र का अपहरण कर जंगल में की बेरहमी से पिटाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।