विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उड़ान भरते ही नोएडा-जयपुर फ्लाइट की करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, IndiGo ने यात्रियों को दिया रिफंड का विकल्प

Published: Tue, 22 Sep 2026 01:55 AM (IST)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जयपुर जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 7642 तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के तुरंत ...और पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो एयरलाइंस के विमान। जागरण आर्काइव

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो एयरलाइंस के विमान। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. इंडिगो की जयपुर उड़ान तकनीकी खराबी के बाद नोएडा लौटी।

  2. यात्रियों को रिफंड, रीशेड्यूल या वैकल्पिक उड़ान का विकल्प मिला।

  3. विमान की तकनीकी जांच जारी, खराबी का कारण पता चलेगा।

जागरण संवाददाता, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रविवार को जयपुर के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 7642 तकनीकी खराबी के बाद वापस लौट आई।

उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को तकनीकी समस्या का पता चला। इसके बाद एटीसी से संपर्क कर विमान को वापस लाने की अनुमति ली गई और उसे सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान में करीब 20 यात्री सवार थे। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

इंडिगो ने दिया रिशेड्यूल और किराया वापस करने का विकल्प

विमान में तकनीकी खराबी के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराते हुए यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया। इंडिगो की ओर से यात्रियों को यात्रा जारी रखने के लिए टिकट रिसिड्यूल कराने, वैकल्पिक उड़ान लेने अथवा किराया वापस लेने का विकल्प दिया गया।

यात्रियों ने अपनी सुविधा के अनुसार रिफंड और रिसिड्यूल का विकल्प चुना। वापस लौटे विमान को नोएडा एयरपोर्ट के हैंगर में खड़ा किया गया है। अब तकनीकी टीम विमान में आई खराबी के कारणों की जांच करेगी।

कई जांच किए जाने की संभावना

जांच में विमान के तकनीकी लाग, काकपिट में दर्ज चेतावनियों और संबंधित प्रणाली के उपकरणों की जांच के साथ ग्राउंड टेस्ट किए जाने की संभावना है। जरूरत के अनुसार संबंधित कल-पुर्जों और रखरखाव रिकार्ड की भी जांच की जाएगी।

फ्लाइट में आई कमी दूर होने और विमान को तकनीकी रूप से उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही उसे दोबारा परिचालन में शामिल किया जाएगा।

फिलहाल विमान में किस प्रणाली में खराबी आई और उसका वास्तविक कारण क्या था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सोमवार से नोएडा से जयपुर जाने के लिए इंडिगो ने 6ई 7646 को नियमित रूप से शुरू किया है।

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट से चमकेगी NCR की अर्थव्यवस्था, जेवर में वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट ने बदली जेवर की जमीन की कीमत, 3 से 5 गुना तक बढ़े भाव; मुआवजे से रकबा जुटाना मुश्किल