नोएडा में 350 करोड़ की लागत से बनेगी सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड, जेवर एयरपोर्ट तक सफर होगा आसान
आईआईटी रुड़की ने नोएडा में 350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
-1792163857052_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
आईआईटी रुड़की ने 350 करोड़ की एलिवेटेड रोड को मंजूरी दी।
यह रोड सेक्टर-94 पुश्ता रोड से जेवर एयरपोर्ट को जोड़ेगी।
नोएडा, दिल्ली, जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। आईआईटी रुड़की ने नोएडा में 350 करोड़ से बनने वाली सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
इंजीनियरों ने प्रोजेक्ट की संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्राधिकरण को सौंप दी है। अब एलिवेटेड रोड को सीधे सेक्टर-94 के पास पुश्ता रोड से जोड़कर वाहन चालकों को सुगम सफर का तोहफा दिया जाएगा।
अगले सप्ताह में जारी हो सकता है टेंडर
पुरानी डीपीआर में एलिवेटेड को पुश्ता रोड से पहले ही पूरा किया जाना था। मगर संशोधन के बाद अब इसे जेवर एयरपोर्ट जाने वाली जेवर लिंक एलिवेटेड रोड से जोड़ने की तैयारी की गई है। प्राधिकरण अगले सप्ताह इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर सकता है।
चिल्ला एलिवेटेड रोड का विस्तार
प्राधिकरण की डीपीआर में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एलिवेटेड रोड करीब छह लेन की होगी। इसकी ऊंचाई करीब 20 मीटर प्रस्तावित है, जो मजेंटा मेट्रो लाइन से ऊपर होकर जाएगी।
अधिकारी इस परियोजना को चिल्ला एलिवेटेड रोड के विस्तार के रूप में देख रहे हैं। इसके निर्माण कार्य से नोएडा, दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट के बीच न सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी बल्कि लोगों को सुगम सफर का आनंद भी मिलेगा।
जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने की तैयारी
प्राधिकरण ने एलिवेटेड रोड के एलाइनमेंट में बदलाव किया है। संशोधित प्रस्ताव के बाद एलिवेटेड के एक हिस्से की लंबाई करीब दो किलोमीटर और दूसरे हिस्से की लंबाई करीब 1.8 किलोमीटर बढा दी गई है।
नए एलाइनमेंट में एलिवेटेड रोड को सीधे सेक्टर-94 के पास पुश्ता रोड तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। यहां से इसे जेवर एयरपोर्ट की ओर जाने वाली एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा।
लाखों लोगों को होगा फायदा
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह का कहना है कि एलिवेटेड रोड सेक्टर-94 के पास पुश्ता रोड पर उतरेगी। संशोधित डीपीआर में एलाइनमेंट के अनुसार बदलाव से लाखों लोगों को राहत मिलेगी। इसके आगे जेवर लिंक एलिवेटेड रोड से जुड़ने पर वाहनों को दिल्ली और एयरपोर्ट की ओर जाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
