विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद के युवक की नोएडा में हत्या, नौकरी के बहाने ले जाकर दोस्तों ने ली जान

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 16 Oct 2026 12:48 PM (IST)

फिरोजाबाद के एक युवक मोहित को नौकरी का झांसा देकर दोस्त नोएडा ले गए और उसकी हत्या कर दी। एक ...और पढ़ें

मोहित का फाइल फोटो और दूसरे चित्र मृतक की मां।

मोहित का फाइल फोटो और दूसरे चित्र मृतक की मां।

HighLights

  1. दोस्त नौकरी का झांसा देकर ले गए थे

  2. शव बोरी में नहर से बरामद हुआ

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। दोस्त युवक को नौकरी का झांसा देकर नोएडा ले गए और उसकी हत्या कर दी। शव को बोरी में भरकर नहर में फेंक दिया। युवक के लापता होने पर मां उसकी तलाश में नोएडा के पुलिस थानों की खाक छानती रही, लेकिन बेटे का पता नहीं चला। एक महीने बाद जेवर पुलिस ने युवक के कपड़े दिखाए तो मां ने अपने बेटे के बताए।

पुलिस ने बताया कि 20 सितंबर को नहर में मिले युवक के कपड़े हैं। बेटे की हत्या की बात सुनकर मां फफक पड़ी। सिरसागंज के धोबी गली निवासी नीतू के 21 वर्षीय इकलौते पुत्र मोहित को 22 अगस्त को मोहल्ले के ही अंशू और रामचरन गली निवासी छोना नौकरी के नाम पर नोएडा ले गए थे। इस बीच वहां मोहित की अंशू से लड़ाई हो गई।

14 सितंबर को मोहित ने मां को फोन कर रोते हुए इस बारे में बताया और घर आने के लिए रुपये न होने की बात कही। मां ने 250 रुपये पेटीएम कर दिए। इसके बाद से मोहित लापता था। दोस्त भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे थे। नीतू नोएडा के पुलिस थानों की खाक छानती रहीं, लेकिन बेटे का सुराग नहीं लगा। पीड़िता ने मामले की शिकायत पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से की।

इसके बाद गौतमबुद्ध थाने में अंशू और छोना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। 11 अक्टूबर को वह नोएडा पहुंची तो पुलिस ने अज्ञात शव के कपड़े दिखाए। वह कपड़े मोहित के थे। पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को जेवर नहर में बोरी में बंद शव मिला था। इकलौते बेटे की हत्या से मां का रो-रो कर बुरा हाल है।