ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 6.25 करोड़ से सुधरेंगी सुविधाएं, सेक्टर-3 में बनेगी चारदीवारी; खुले नाले होंगे कवर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टरों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 6.25 करोड़ ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 6.25 करोड़ के विकास कार्य।
सेक्टर-3 में चारदीवारी और सड़कों का होगा सुधार।
खुले नालों को ढककर हादसों से मिलेगी निजात।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टरों में रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टरों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए करीब 6.25 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार सबसे पहले सेक्टर-3 की चारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। लंबे समय से चारदीवारी न होने से सुरक्षा को लेकर निवासियों को परेशानी हो रही थी और बाहरी लोगों का आवागमन बना रहता था। साथ ही सेक्टर की आंतरिक सड़कों की हालत खराब है, जगह-जगह गड्ढे हैं।
प्राधिकरण इन सड़कों की रिसरफेसिंग कराएगा। इन दोनों कार्यों पर करीब पौने तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोगों की ओर से इसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके अलावा खुले नालों को ढकने का काम भी किया जाएगा।
खुले नाले दे रहे हादसे को दावत
सेक्टर-1 और नालेज पार्क-5 के बीच 80 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे नाला खुला पड़ा है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी तरह ईकोटेक-6 में भी खुले नाले के कारण लोगों को दिक्कत होती है। प्राधिकरण दोनों स्थानों पर नालों को कवर करेगा।
इस पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि इन सभी कार्यों के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही मौके पर काम शुरू करा दिया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
