विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में इंस्पेक्टर के बेटे का 30000 का चलान काटने की मिली सजा, ट्रैफिक कॉन्स्टेबल लाइन हाजिर

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:45 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में नंबर प्लेट ढकी क्रेटा कार का चालान करने पर ट्रैफिक काॅन्स्टेबल नकुल का इंस्पेक्टर के बेटे से विवाद हो गया। विवाद के बाद कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है और मामले की जांच एडीसीपी ट्रैफिक को सौंपी गई है।

पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे की कार का चालान काटने पर ट्रैफिक कॉस्टेबल लाइन हाजिर। फोटो: सांकेतिक

पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे की कार का चालान काटने पर ट्रैफिक कॉस्टेबल लाइन हाजिर। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर घंटा चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान आगे और पीछे से नंबर प्लेट ढकी क्रेटा कार का चालान करने पर चालक का ट्रैफिक कॉन्सटेबल से विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के बाद युवक ने इंस्पेक्टर पिता (प्रभारी निरीक्षक नालेज पार्क कोतवाली) को फोन कर दिया। पिता ने पहुंचकर मामले को शांत कराया। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर कॉन्सटेबल को लाइन हाजिर किया गया है।

सूत्रों का कहना है कि कॉन्सटेबल को वरिष्ठ अधिकारियों से अभद्रता के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। एडीसीपी ट्रैफिक को मामले की जांच सौंपी गई है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

नंबर प्लेट ढकी होने पर किया था चालान

बताया जा रहा है कि घटना 16 नवंबर की है। हेड कॉन्सटेबल नकुल ने सूरजपुर घंटा चौक पर यामाहा तिराहा की ओर से आई हुंडई क्रेटा कार को रोका। कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट ढकी थीं।

चालक को गाड़ी से बाहर आने को कहा गया, लेकिन नहीं निकला। नकुल ने कार का चालान कर दिया। कार ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में प्रतिबंधित श्रेणी की बीएस-4 डीजल गाड़ी थी। पहले भी उसका चालान हो चुका था।

युवक के फोन करने पर इंस्पेक्टर पिता पहुंचे और एसओजी टीम को भी बुलाया। कॉन्सटेबल ने घटना की जानकारी टीआई और टीएसआई को दी। बावजूद कॉन्सटेबल से अभद्रता की गई।

आरोप है कि गाड़ी में बैठे युवक और उसके परिवार की पहचान की जानकारी नहीं थी। बावजूद बाद में डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय बुलाकर लाइन हाजिर कर दिया।

इंस्पेक्टर विनोद कुमार का कहना है कि पुत्र गाड़ी लेकर गया था। नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से कार का 30 हजार का चालान किया गया है। कॉन्सटेबल से अभद्रता के आरोप निराधार हैं।

अधिकारियों की बात नहीं मानने का आरोप

चर्चा है कि घटना सामने आने के बाद डीसीपी ट्रैफिक की ओर से कॉन्सटेबल और इंस्पेक्टर को कार्यालय पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जहां कॉन्सटेबल की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों की बात को भी अनसुना किया गया। अधिकारियों की बात नहीं मानने पर कॉन्सटेबल को लाइन हाजिर किया गया है।

कॉन्सटेबल को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की जांच एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह को सौंपी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सैय्यद अली अब्बास, डीसीपी ट्रैफिक

यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट जैसा चमकेगा नोएडा का बोटेनिकल गार्डन बस अड्डा, 9.45 करोड़ से बदलेगी सूरत, मिलेंगी ये हाई-टेक सुविधाएं


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।