एयरपोर्ट जैसा चमकेगा नोएडा का बोटेनिकल गार्डन बस अड्डा, 9.45 करोड़ से बदलेगी सूरत, मिलेंगी ये हाई-टेक सुविधाएं
नोएडा के बोटेनिकल गार्डन बस टर्मिनल को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। 9.45 करोड़ रुपये की लागत से चार ईवी चार्जिंग स्टेशन, फसाड लाइट और एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बोटेनिकल गार्डन बस टर्मिनल इलेक्ट्रिक बसों के लिए तैयार।
9.45 करोड़ रुपये से चार ईवी चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।
फसाड लाइट और एलईडी स्क्रीन से होगा आधुनिकीकरण।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा के प्रमुख बस टर्मिनल बोटेनिकल गार्डन को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। यहां आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने की योजना है।
इसे देखते हुए नोएडा प्राधिकरण टर्मिनल परिसर में चार ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाएगा। बाहरी दीवारों पर फसाड लाइट लगेंगी और यात्रियों की जानकारी के लिए एलईडी स्क्रीन भी स्थापित की जाएंगी।
इन कार्यों पर करीब 9.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सेक्टर-38 ए स्थित यह टर्मिनल शहर के सार्वजनिक परिवहन का अहम केंद्र है। यहां से नोएडा के विभिन्न सेक्टरों के अलावा दिल्ली और लंबी दूरी के लिए भी बसें चलती हैं।
चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद होंगे ये लाभ
चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और चार्जिंग की व्यवस्था परिसर में ही हो सकेगी। प्राधिकरण ने ईवी चार्जिंग स्टेशन, फसाड लाइट, एलईडी स्क्रीन और बिजली से जुड़े अन्य कार्यों के लिए टेंडर जारी किया है।
महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि इच्छुक एजेंसियां तीन दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं। टेंडर चार दिसंबर को खोला जाएगा। प्रक्रिया में तीन या इससे अधिक एजेंसियों के शामिल होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टर्मिनल को नया रूप देने के लिए पहले चरण में सिविल कार्य शुरू हुए थे और परिसर के एक हिस्से में खुदाई भी की गई थी।
हालांकि, ग्रैप लागू होने के कारण निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। अब अन्य कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। प्राधिकरण इसे बेहतर यात्री सुविधाओं से युक्त आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।