विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में बनेंगे 22 स्मार्ट टॉयलेट, परी चौक से गौड़ चौक तक अब नहीं होगी दिक्कत; अथॉरिटी का आदेश जारी

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:07 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए 22 नए स्मार्ट शौचालयों का निर्माण किया जाएगा, जिसमें पिंक ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में बनेगा स्मार्ट टाॅयलेट। फोटो: सांकेतिक

ग्रेटर नोएडा में बनेगा स्मार्ट टाॅयलेट। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा।शहर की प्रमुख सड़कों, मेट्रो स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अब लोगों को सार्वजनिक शौचालय के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 22 नए स्मार्ट शौचालय बनाने जा रहा है। इनमें पिंक और सामान्य दोनों तरह के शौचालय शामिल होंगे। प्राधिकरण ने इनके लिए जगह चिह्नित कर ली है और निर्माण के लिए रिक्वेस्ट फार प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर इच्छुक कंपनियों से आवेदन मांगे हैं।

परी चौक समेत 22 जगहों पर सुविधा

प्राधिकरण की योजना के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय बनाए जाएंगे। इनमें परी चौक, यमुना एक्सप्रेसवे का जीरो प्वाइंट, नालेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास और इंडिया एक्सपो सेंटर गोलचक्कर शामिल हैं।

इसके अलावा नासा पार्किंग की ओर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौड़ चौक पर नोएडा और एक मूर्ति की ओर, चार मूर्ति अंडरपास की ओर, राइज पुलिस चौकी से पंचमुखी मंदिर की ओर और सेक्टर अल्फा-1 मेट्रो स्टेशन से पहले प्राधिकरण कार्यालय की ओर भी शौचालय बनाए जाएंगे।

पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण

स्मार्ट शौचालयों का निर्माण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा। इसके लिए चयनित एजेंसी निर्माण पर आने वाला खर्च उठाएगी और विज्ञापन के जरिये इसकी भरपाई करेगी।

एजेंसी को पांच स्थानों पर एलईडी यूनिपोल पर विज्ञापन का अधिकार दिया जाएगा। हालांकि, शौचालयों की छत पर विज्ञापन लगाने की अनुमति नहीं होगी।

निर्माण के बाद एक निश्चित अवधि तक शौचालयों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी चयनित एजेंसी को सौंपी जाएगी। वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि योजना के लिए आरएफपी जारी कर दिया गया है।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मिलेगी राहत

स्वच्छ भारत मिशन के तहत तैयार इस योजना में बाजार, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों को प्राथमिकता दी गई है। इसका उद्देश्य खरीदारी या अन्य काम से आने वाले लोगों को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इसके लिए दूर न जाना पड़े।

प्राधिकरण के आठों वर्क सर्किल में प्रमुख स्थानों पर शौचालय बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इससे शहर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

संख्या 100 से अधिक करने का लक्ष्य

ग्रेटर नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक 51 सार्वजनिक शौचालय बनाए जा चुके हैं और उनका संचालन किया जा रहा है। प्राधिकरण इनकी संख्या 100 से अधिक करने की दिशा में काम कर रहा है।

शहर में गीले और सूखे सहित सभी तरह के कचरे का शत-प्रतिशत निस्तारण करने के साथ सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है। प्राधिकरण का लक्ष्य स्वच्छता के मामले में ग्रेटर नोएडा को मिसाल बनाना है।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 215 करोड़ का जमीन घोटाला, कागजों में हेराफेरी कर 110 मीटर प्लॉट को बना दिया 1.7180 हेक्टेयर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।