यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-22 डी में जल्द शुरू होगा बस संचालन, कनेक्टिविटी की समस्या होगी दूर
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 22 डी आवासीय सोसायटी में जल्द ही बस सेवा शुरू होने की उम्मीद है। यूपीएसआरटीसी अधिकारियों ...और पढ़ें

बस संचालन के लिए निवासियों से चर्चा करते अधिकारी। जागरण
संवाद सहयोगी, दनकौर (ग्रेटर नोएडा)। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 22 डी आवासीय सोसायटी के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही बस संचालन की मांग जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के अधिकारियों ने सोसायटी का दौरा कर निवासियों से बस संचालन के रूट को लेकर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने रूट और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सोमवार को बस संचालन की समय सारिणी उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है।
लोगों को होती है परेशानी
सेक्टर 22 डी आवासीय सोसायटी के निवासियों का कहना है कि सोसायटी की नोएडा और ग्रेटर नोएडा सहित आसपास के प्रमुख क्षेत्रों से सार्वजनिक परिवहन की सीधी कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वर्तमान में अधिकांश लोगों को सोसायटी तक आने-जाने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। सार्वजनिक बस सेवा उपलब्ध होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
सोसायटी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने बताया कि यूपीएसआरटीसी के अधिकारी शनिवार को सोसायटी पहुंचे थे। उन्होंने निवासियों के साथ बस के रूट को लेकर विस्तार से चर्चा की।
लोगों में खुशी का माहौल
अधिकारियों की ओर से सोमवार को बस संचालन की समय सारिणी उपलब्ध कराने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि बस हाईराइज सोसायटी के गेट तक पहुंचेगी, जिससे निवासियों को बस पकड़ने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
बस सेवा शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद सोसायटी के निवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने से सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होगी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा से सोसायटी की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
इस दौरान समर्पित आर्या, शशांक श्रीवास्तव, सौरभ शर्मा समेत अन्य निवासी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- UP International Trade Show: नोएडा से एक्सपो मार्ट तक चलेंगी 25 ई-सिटी बसें, हर 20 मिनट में मिलेगी सेवा
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट से चमकेगी NCR की अर्थव्यवस्था, जेवर में वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
