ग्रेटर नोएडा सेक्टर-18 में अब प्लॉट तक पहुंचना होगा आसान, 9 पॉकेट में बनेगी सर्विस रोड; 30000 आवंटियों को राहत
यमुना प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 18 में सर्विस रोड बनाने के लिए निविदा जारी की है। इससे 30,000 ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर 18 में सर्विस रोड के लिए निविदा जारी की।
30,000 से अधिक भूखंड आवंटियों को आवाजाही में आसानी होगी।
सड़क बनने से निर्माण सामग्री पहुंचाना और कार्य तेज होगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। आवासीय सेक्टर में आवाजाही आसान बनाने के लिए सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर 18 के नौ पाकेट में सर्विस रोड के लिए निविदा जारी कर दी हैं। यह सर्विस रोड सेक्टर की 45 मीटर राेड के समानांतर बनाई जाएगी।
सेक्टर के पाकेट 5ए, 1ए, 1बी, 7सी, टीएस 2 के बीच, 7बी और 7सी के बीच व 7डी से 7एफ में सर्विस रोड का निर्माण होगा। सेक्टर में भूखंड के आवंटियों को सड़क सर्विस रोड का निर्माण अधूरा होने के कारण आवाजाही में परेशानी हो रही है।
इसकी वजह से लोग भूखंड पर निर्माण कार्य नहीं कर पा रहे हैं। सेक्टर 18 व 20 में प्राधिकरण ने 52 पाकेट विकसित कर उसमें भूखंडों का आवंटन किया है।
30000 से अधिक भूखंडों का आवंटन
आवासीय सेक्टर में अभी 30 हजार से अधिक भूखंडों का आवंटन हो चुका है, लेकिन मौके पर दो हजार मकान ही तैयार हो पाए हैं, इनमें 30 प्रतिशत ने ही निर्माण कर कंप्लीशन प्राप्त किया है। अधूरी सड़क के कारण कई भूखंडों तक निर्माण सामग्री पहुंचाने वाले वाहनों को परेशानी होती है।
सड़क बनने के बाद वाहनों से भूखंड के नजदीक तक निर्माण सामग्री ले जाना सुगम हाे जाएगा। इससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी। सेक्टर में भूखंड पर कब्जा ले चुके आवंटी निर्माण के लिए प्रेरित होंगे।
विकास कार्यों के लिए निविदा जारी
इसके अलावा वर्क सर्किल 3 में 75 मीटर चौड़ी पेरिफेरल सड़क और सेक्टर-5 से 6 के बीच सीवर लाइन का काम भी किया जाएगा। नोएडा एयरपोर्ट व सेक्टर 9 के बीच सीवर लाइन और 75 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी।
औद्योगिक सेक्टर सेक्टर 8डी व 8बी में 75 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे सर्विस रोड का निर्माण भी जल्द शुरू हो जाएगा। 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण भी पूरा किया जाएगा।
यीडा के महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र भाटी का कहना है कि आंतरिक विकास कार्यों के लिए निविदा जारी हो चुकी है। जल्द ही विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- खजूरी चौक के जाम से छुटकारा, 2.4 KM की सर्विस रोड को हरी झंडी; करावल नगर-गोकुलपुरी वालों की राह हाेगी आसान
यह भी पढ़ें- सर्विस रोड से हाइराइज सोसायटियों तक अंधेरे में डूबा ग्रेटर नोएडा, खराब स्ट्रीट लाइट से लोग परेशान
