खजूरी चौक के जाम से छुटकारा, 2.4 KM की सर्विस रोड को हरी झंडी; करावल नगर-गोकुलपुरी वालों की राह हाेगी आसान
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नीचे खजूरी चौक पर 2.4 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का निर्माण होगा, जिस पर 6.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सर्विस रोड बनने से मिलेगी जाम से राहत। फोटो: सांकेतिक
HighLights
खजूरी चौक पर 2.4 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड बनेगी
परियोजना पर करीब 6.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे
करावल नगर, यमुना विहार, भजनपुरा के लोगों को जाम से राहत
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। खजूरी चौक पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली सरकार का सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नीचे खजूरी चौक पर 2.4 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का पुनर्निर्माण कराएगा।
इस परियोजना पर करीब 6.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क बनने के बाद गोकुलपुरी और करावल नगर की ओर से आने वाले दोपहिया और हल्के वाहनों को मुख्य मार्ग के बजाय सर्विस रोड से निकलने का विकल्प मिलेगा। इससे जाम से निजात मिल जाएगी।
खजूरी चौक पर जाम और जलभराव से मिलेगी राहत
वजीराबाद रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण खजूरी चौक समेत आसपास के इलाकों में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क की खराब स्थिति, जगह-जगह गड्ढे और वर्षा के दौरान जलभराव से वाहन चालकों को परेशानी होती है।
सर्विस रोड के पुनर्निर्माण से इन समस्याओं को कम करने पर ध्यान दिया जाएगा। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि क्षेत्र को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास जारी है।
इसी कड़ी में यह सड़क बनाई जा रही है, जिससे लोगों को जाम से निजात मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि सड़क के बेहतर होने से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों और स्थानीय दुकानदारों को भी सुविधा मिलेगी।
कई इलाकों के लोगों को मिलेगा वैकल्पिक रास्ते का लाभ
सर्विस रोड बनने से करावल नगर से खजूरी खास, यमुना विहार, भजनपुरा और शिव विहार की ओर आने-जाने वाले लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने से यातायात प्रवाह में सुधार हो सकता है।
वहीं, वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध होने से लोगों को जाम में कम समय बिताना पड़ेगा। परियोजना के तहत सड़क की सतह को बेहतर बनाने के साथ जलभराव की समस्या कम करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
