विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षकों की कमी के बीच शुरू हुई अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, जनगणना ड्यूटी बनी चुनौती

By Ashish ChaurasiyaEdited By: Shanu Sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 09:09 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा के परिषदीय स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शिक्षकों की कमी के बीच शुरू हुई हैं, क्योंकि बड़ी संख्या में शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगाई गई ह

जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों के व्यस्त होने से छात्रों की परेशानी बढ़ गई है , एआई जेनरेटेड फोटो

जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों के व्यस्त होने से छात्रों की परेशानी बढ़ गई है , एआई जेनरेटेड फोटो

HighLights

  1. शिक्षकों की कमी से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं।

  2. जनगणना ड्यूटी के कारण स्कूलों में शिक्षक कम बचे हैं।

  3. शिक्षक संगठन समाधान के लिए अधिकारियों से समन्वय कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। जिले के परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक की मंगलवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। परीक्षाओं के बीच शिक्षकों की कमी ने स्कूलों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। जनगणना कार्य के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से कई स्कूलों में शिक्षण और परीक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

एक तरफ अधिकारियों की ओर से शिक्षकों पर जनगणना ड्यूटी ज्वाइन करने का दबाव बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ स्कूलों में विद्यार्थियों की परीक्षाएं संपन्न कराने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है।

दोनों जिम्मेदारियां एक साथ निभाना मुश्किल

शिक्षकों का कहना है कि जनगणना का काम भी महत्वपूर्ण है और विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं भी। ऐसे में एक साथ दोनों जिम्मेदारियां निभाना मुश्किल हो रहा है। परीक्षाएं विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन करने के साथ आगे की पढ़ाई की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हैं।

शिक्षकों की कमी के कारण परीक्षा संचालन, निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं को संभालने में परेशानी आ रही है। टीचर्स फेडरेशन आफ इंडिया के उपाध्यक्ष मेघराज भाटी का आरोप है कि जिले के करीब 70 प्रतिशत स्कूल ऐसे हैं, जहां ड्यूटी लगने के बाद केवल एक या दो शिक्षक ही शेष रह गए हैं।

वहीं कुछ स्कूल ऐसे भी हैं, जहां एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इन स्कूलों में परीक्षा कराना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

अधिकारियों से समन्वय बनाने में जुटे शिक्षक संगठन

शिक्षक संगठनों की ओर से अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठनों का कहना है कि जनगणना कार्य के लिए शिक्षकों की ड्यूटी जरूरी है, लेकिन स्कूलों में परीक्षा व्यवस्था भी बाधित नहीं होनी चाहिए।

इसके लिए कुछ शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से राहत देने या उनकी ड्यूटी में बदलाव करने की मांग की जा रही है, ताकि हाफ इयरली एग्जाम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक कराई जा सकें।

जनगणना के साथ ही बच्चों की पढ़ाई और परीक्षाओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान निकाला जा रहा है।

- राहुल पंवार, बीएसए

यह भी पढ़ें- ग्रैप-3 की पाबंदियां खत्म, नोएडा-ग्रेटर नोएडा के स्कूलों में सामान्य रूप से चलेंगी क्लासेज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।