ग्रेटर नोएडा में गैस सिलिंडर की किल्लत से महंगा हुआ खाना, कई रेस्तरां ने बदला टाइम और मेन्यू
ग्रेटर नोएडा में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से रेस्तरां और ढाबों पर महंगाई का असर दिख रहा है। पश्चिम एशिया ...और पढ़ें

गैस की किल्लत के बीच ग्राहकों से वसूला जा रहा ज्यादा पैसा। (AI Generated Image)
HighLights
रेस्तरां में एलपीजी सिलिंडर की भारी किल्लत।
मेन्यू में कटौती, शाम को ही खुल रहे कई रेस्तरां।
ग्राहकों से प्रति डिश 10-30 रुपये अतिरिक्त वसूली।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। एलपीजी सिलिंडर की किल्लत के बीच शहर के रेस्तरां और ढाबों में अब महंगाई की मार साफ दिखने लगी है। कई रेस्तरां मालिकों ने मेन्यू की संख्या घटा दी है, जबकि कुछ ने पूरे दिन की बजाय केवल शाम के समय सेवा शुरू कर दी है।
ग्राहकों से अतिरिक्त 10 से 30 रुपए प्रति डिश वसूले जा रहे हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है।
हल्का सुधार, पर परेशानी जारी
हालांकि सोमवार से स्थिति में सुधार की उम्मीद हैं, बावजूद इसके ग्रेटर नोएडा के अल्फा-एक, जगतफार्म मार्केट, अल्फा दो मार्केट, बीटा दो मार्केट समेत कई इलाकों के रेस्तरां के सामने सिलिंडर संकट अभी भी है।
ब्लैक मार्केट में 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत पांच से छह हजार रुपए तक पहुंच गई है। इससे उबरने के लिए रेस्तरां मालिकों ने मेन्यू को सीमित करने के साथ लंबे समय लेने वाले व्यंजन को अस्थायी रूप से हटा दिया है।
तंदूर व्यंजनों को प्राथमिकता
तेज पकने वाले आइटम और कोयले पर आधारित तंदूर व्यंजनों को प्राथमिकता दी जा रही है। कुछ जगहों पर थाली की कीमत 100 रुपए से बढ़ाकर 120 रुपए कर दी गई है। चाय, समोसा, पोहा जैसे स्ट्रीट फूड के दाम भी 10 से 20 रुपए तक बढ़ा दिए गए हैं।
जगतफार्म में साझा चुल्हा रेस्तरां संचालक का कहना है कि सिलिंडर न मिलने से रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। वह सिर्फ शाम के समय में रेस्तरां चला रहे हैं।
अल्फा एक कमर्शियल बेल्ट के एक अन्य रेस्तरां संचालक ने खानपान के सभी चीजों के दाम बढ़ाकर पुराने मेन्यु पर नए दाम की पर्ची चस्पा कर दिए हैं। इससे नौकरीपेशा ऐसे ग्राहकों की मुश्किल अधिक बढ़ गई जो घर में खाना बनाने के बजाए रेस्तरां पर निर्भर थे।
