विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा: परी चौक के पास ओमेक्स मॉल के रेस्टोरेंट ऑफिस में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:14 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा के ओमेक्स एनआरआई सिटी मॉल में शनिवार देर रात शाही दावत रेस्टोरेंट के कार्यालय में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

HighLights

  1. ओमेक्स मॉल में शाही दावत रेस्टोरेंट कार्यालय में आग लगी।

  2. लाखों रुपये के कागजात, फर्नीचर, कंप्यूटर जलकर राख हुए।

  3. दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, कोई जनहानि नहीं हुई।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में परी चौक के पास स्थित ओमेक्स एनआरआई सिटी मॉल में शनिवार देर रात को शाही दावत रेस्टोरेंट के कार्यालय में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार्यालय में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात मॉल में काम कर रहे लोगों ने कार्यालय से धुआं उठता देखा। देखते ही देखते आग ने पूरे कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। कार्यालय में रखे कागजात, फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य सामान जल गया। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

दुकानों को नुकसान नहीं पहुंचा

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण आसपास की दुकानों को नुकसान नहीं पहुंचा, इससे लोगों ने राहत की सांस ली।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग कार्यालय में ही लगी थी। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

वहीं, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि शनिवार रात ओमेक्स मॉल स्थित एक दुकान में अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम द्वारा आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: गांधी नगर मार्केट में कपड़े के गोदाम में लगी आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।