Exclusive: जिम्स में 150 नर्सिंग स्टाफ को एक साथ 15 दिन की दी छुट्टी, पटरी से उतरी इलाज की व्यवस्था
जिम्स, ग्रेटर नोएडा में 150 नर्सिंग स्टाफ को एक साथ 15 दिन की छुट्टी देने से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। इससे मरीजों की देखभाल, वार्ड संचालन और नियमित सेवाओं पर गंभीर असर पड़ रहा है।

पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की लगी भीड़। जागरण
HighLights
जिम्स में 150 नर्सिंग स्टाफ को एक साथ छुट्टी।
अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित, वार्ड बंद।
मरीजों की देखभाल में दिक्कत, छात्रों से काम कराने का आरोप।
आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में नर्सिंग स्टाफ की कमी ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। तीन दिसंबर को होने वाली नर्सिंग (परमानेंट) परीक्षा की तैयारी के लिए अस्पताल प्रबंधन ने एक साथ करीब 150 नर्सिंग स्टाफ को 15 दिन की छुट्टी दे दी है। इतनी बड़ी संख्या में नर्सों के एक साथ अवकाश पर जाने से अस्पताल में मरीजों की देखभाल और वार्डों के संचालन पर असर पड़ने लगा है।
150 नर्सों को छुट्टी देना व्यवस्था के लिहाज से उचित नहीं
आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए नर्सिंग स्टाफ को छुट्टी देने से अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। डाक्टरों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही मरीजों का दबाव रहता है। ऐसे में एक साथ 150 नर्सों को छुट्टी देना व्यवस्था के लिहाज से उचित नहीं है।

अस्पताल प्रबंधन विद्यार्थियों से काम करा रहा
नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण इमरजेंसी और आइसीयू को छोड़कर अन्य विभागों में नियमित चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ओपीडी और वार्डों में मरीजों की देखभाल को लेकर भी परेशानी सामने आ रही है। आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए अस्पताल प्रबंधन विद्यार्थियों से काम करा रहा है।

मरीजों की देखभाल में हो रही दिक्कत
इससे मरीजों की देखभाल और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। डाॅक्टरों का कहना है कि प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की जगह विद्यार्थियों से नियमित जिम्मेदारियां निभवाना मरीजों के हित में नहीं है।

सीमित स्टाफ के सहारे काम चलाना पड़ रहा
सूत्रों के मुताबिक, नर्सिंग स्टाफ की कमी का असर अस्पताल के वार्डों पर भी पड़ा है। तीसरे फ्लोर पर बने कुछ वार्डों को बंद कर दिया गया है। इससे मरीजों के भर्ती होने और उपचार की उपलब्ध सुविधाओं पर असर पड़ रहा है। अस्पताल में पहले से भर्ती मरीजों की देखभाल के लिए भी सीमित स्टाफ के सहारे काम चलाना पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।