ग्रेटर नोएडा में लूट, पहले बोनट पर गिरा बदमाश; फिर साथी ने भटकाया ध्यान और पलक झपकते ही ले उड़े iPhone
ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र में बदमाशों ने कार सवार से आईफोन 17 प्रो लूटने का नया तरीका अपनाया, जिसमें ...और पढ़ें
-1794887940537_m.webp)
नोएडा पुलिस। फाइल फोटो- जागरण
HighLights
बदमाशों ने बोनट पर गिरने का नाटक कर आईफोन लूटा।
कार सवार का ध्यान भटकाकर शीशे से फोन छीना गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, संगठित गिरोह की आशंका।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में मोबाइल लूट का नया और सुनियोजित तरीका सामने आया है। बदमाशों ने पर्थला ब्रिज से गौर सिटी मॉल की ओर जाने वाले रास्ते पर रिवर ब्रिज के पास 31 अक्टूबर की शाम 6.42 बजे कार सवार से आईफोन 17 प्रो लूट लिया।
उधर, पीड़ित निराला एस्पायर निवासी व्रणी शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गिरने का नाटक किया
पीड़ित व्रणी शर्मा अपनी कार से मूविंग ट्रैफिक में जा रहे थे। तभी एक व्यक्ति अचानक कार के सामने आकर पैसेंजर साइड के बोनट पर गिरने का नाटक करने लगा। एक्सीडेंट की आशंका से उन्होंने शीशा आधा नीचे किया। इसी दौरान ड्राइवर साइड पर एक पुरुष और एक महिला ने खिड़की पीटना और बाहर निकलने के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया।
वहीं, ध्यान भटकते ही बोनट वाले व्यक्ति ने अधखुले शीशे से हाथ डालकर फोन छीन लिया और भाग गया। सड़क के दूसरी ओर पहले से खड़ी बाइकों से सभी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
पहले से रेकी कर रहा था गिरोह
पीड़ित ने बताया वारदात कई लोगों द्वारा मिलकर सुनियोजित तरीके से की गई। पीड़ित का कहना है कि उनकी कार ऊंची होने के बावजूद बदमाशों ने सटीक तरीके से फोन निकाल लिया, जिससे लगता है कि गिरोह पहले से ही रेकी कर रहा था।
व्रणी शर्मा ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों में उनके ऑफिस के कई साथियों और सोसाइटी के लोगों के साथ भी इसी तरह मोबाइल, लैपटॉप लूट की घटनाएं हुई हैं। इससे इलाके में संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।