दोस्त को सामान लेने भेजा फिर युवक ने खुद को मारी गोली, ग्रेटर नोएडा के होटल में खुदकुशी की कोशिश
ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-वन मेट्रो स्टेशन के पास एक मॉल के होटल में एक युवक ने खुद को गोली मारकर ...और पढ़ें
-1793899370540-1793899383055_m.webp)
ग्रेटर नोएडा में युवक ने खुद को गोली मार ली। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के डेल्टा-वन मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित एक माल के होटल में बृहस्पतिवार देर शाम एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया।
गोली युवक की कनपटी के पास लगी और छूकर निकल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।
दोस्त के कमरे से जाते ही खुद को मारी गोली
पुलिस के मुताबिक घायल युवक की पहचान दिल्ली के शेरपुर गांव निवासी 20 वर्षीय तरंग के रूप में हुई है। वह किसी काम से ग्रेटर नोएडा आया था और अपने एक दोस्त के साथ माल में बने होटल का स्टूडियो अपार्टमेंट किराए पर लिया था।
बताया जा रहा है कि दोनों कमरे में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान तरंग ने अपने दोस्त को कुछ सामान लेने के लिए नीचे भेज दिया।
दोस्त के कमरे से बाहर जाते ही तरंग ने कथित तौर पर अपने पास रखे अवैध हथियार से कनपटी के पास गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर होटल स्टाफ और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची सूरजपुर पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है।
प्रेम प्रसंग में तनाव की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का किसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह इसी कारण मानसिक तनाव में था। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अवैध हथियार कहां से आया, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस युवक के दोस्त और परिजनों से पूछताछ कर रही है। परिजन भी सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध हथियार युवक के पास कहां से आया।
प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया है। उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।