ग्रेटर नोएडा बनेगा हरा-भरा और सुंदर, योजना का काम शुरू; प्राधिकरण खर्च करेगा 20 करोड़ रुपये
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने की योजना शुरू की है। इसके तहत 10 से अधिक आवासीय सेक्टरों में पार्कों व हरित क्षेत्रों के रखरखाव के लिए एजेंसियों का चयन किया गया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा को हरा-भरा बनाने की योजना शुरू की।
10 से अधिक आवासीय सेक्टरों में रखरखाव का काम शुरू।
पार्कों और हरित क्षेत्रों के लिए 18-20 करोड़ रुपये का बजट।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा को और अधिक हरा-भरा और सुंदर बनाने की योजना पर प्राधिकरण ने काम शुरू कर दिया है।
इसके लिए ऐसे सेक्टरों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां लंबे समय से निविदा जारी नहीं हुई थी। अब एजेंसी का चयन कर 10 से अधिक सेक्टरों में पार्कों और हरित क्षेत्र के रखरखाव का काम शुरू करा दिया गया है।
उद्यान विभाग के सेक्टर ज्यू-1, 2, नालेज पार्क-2, 3, बिल्डर्स एरिया, चाइ-3, ओमेगा-1, स्वर्णनगरी, सिग्मा-1, अल्फा आदि आवासीय सेक्टरों में लगभग एक साल के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन किया गया है।
खर्च होंगे 20 करोड़ रुपये
इन सेक्टरों में पार्कों और हरित क्षेत्र के रखरखाव का काम शुरू हो गया है। एजेंसी का चयन दो साल के लिए किया गया है। इस पर 18 से 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
चरणबद्ध तरीके से सभी सेक्टरों को हरा-भरा बनाया जाएगा। इसमें नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट का इलाका भी शामिल है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
सेक्टरों के साथ-साथ शहर के प्रवेशद्वारों और उसके आसपास के इलाकों को भी सुंदर बनाया जाएगा। मुख्य मार्गों और सड़कों के किनारे हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नई एजेंसी के आने से सुधार की उम्मीद
पिछले एक साल से अधिक समय से निविदा न होने की वजह से काम कराने में दिक्कत हो रही थी। इसका असर सीधे हरियाली पर पड़ रहा था। पार्कों में घास सूख रही थी, पौधों की देखभाल नहीं हो पा रही थी और हरित पट्टियों की हालत खराब हो रही थी। अब नई एजेंसी के आने से इसमें सुधार की उम्मीद है।
एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि जिस इलाके में लंबे समय से हरियाली के रखरखाव का काम रुका हुआ था, वहां एजेंसी का चयन कर काम शुरू करा दिया गया है। प्रवेश द्वार और मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।