ग्रेटर नोएडा के 127 किसानों को दीवाली का बड़ा तोहफा, प्राधिकरण ने बांटे 6% आबादी भूखंड
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दीपावली के अवसर पर सिरसा और डाढ़ा गांव के 127 किसानों को छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटित कर बड़ी राहत दी है।

बैठक में बड़ा फैसला।
HighLights
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 127 किसानों को भूखंड आवंटित किए।
सिरसा और डाढ़ा गांव के किसानों को मिली बड़ी राहत।
दीपावली के अवसर पर छह प्रतिशत आबादी भूखंड मिले।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। दीपावली के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सिरसा और डाढ़ा गांव के 127 किसानों को छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटित कर बड़ी राहत दी है।
शुक्रवार को प्राधिकरण की ओर से 88 समान आकार के भूखंडों का ड्रा निकाला गया और 39 भूखंडों के आवंटन पत्र किसानों को जारी किए गए। लंबे समय से आबादी भूखंड मिलने का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर आवंटन प्रक्रिया पूरी कराई गई।
एसीईओ सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व और एसीईओ सुमित यादव की मौजूदगी में ड्रा की प्रक्रिया संपन्न हुई। दरअसल, दोनों गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बाद से छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन का मामला लंबित चल रहा था।
प्राधिकरण के सीईओ से भी लगाई गुहार
किसानों ने इस संबंध में प्राधिकरण के सीईओ से भी गुहार लगाई थी। इसके बाद संबंधित विभागों को जल्द आवंटन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। सिरसा गांव के कुल 120 भूखंडों में से 81 समान आकार के भूखंड थे। इनका आकार 40 वर्ग मीटर से लेकर 500 वर्ग मीटर तक है।
शुक्रवार को इनका ड्रा कराया गया, जबकि शेष 39 अलग-अलग आकार के भूखंडों के आवंटन पत्र जारी कर दिए गए। वहीं, डाढ़ा गांव के सात समान आकार वाले भूखंडों का भी ड्रा निकाला गया।
इन किसानों को जल्द आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे। इस दौरान प्रभारी महाप्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, सहायक महाप्रबंधक प्रमोद कुमार, प्रबंधक संदीप रावल, चौधरी प्रकाश प्रधान सिरसा, सुरेश शर्मा रबूपुरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर पैनी नजर, दो नए एयर मॉनिटरिंग स्टेशन शुरू; अब 6 सेंटरों से होगी निगरानी