प्रदूषण पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन प्लान, CEO ने तय की जिम्मेदारी; नियम तोड़ने वालों पर गिरेगी गाज
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए मुहिम तेज की है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
-1795241120589_m.webp)
प्रदूषण की रोकथाम को लेकर बैठक करते ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह व अन्य अधिकारी। सौ. प्राधिकरण
HighLights
सीईओ ने वायु प्रदूषण रोकथाम हेतु विभागों को कड़े निर्देश दिए।
नियमों की अनदेखी पर जुर्माना, जागरूकता अभियान चलाने पर जोर।
मैकेनिकल स्वीपिंग, एंटी स्मॉग गन, ई-चार्जिंग बढ़ाने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। वायु प्रदूषण के रोकथाम के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मुहिम तेज कर दी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सीईओ ने प्रदूषण रोकने के लिए सभी उपाय करने के साथ ही नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना और जागरुकता के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाने को कहा है। इसके लिए सभी एसीईओ और जीएम, डीजीएम समेत प्रबंधकों तक की जिम्मेदारी तय की है।
हॉट स्पॉट पर रोकथाम के उपाय
उन्होंने प्रदूषण की रोकथाम के लिए सड़कों के किनारे घास लगाने, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन से दिन व रात दो शिफ्टों में सड़कों की सफाई कराने, प्रदूषण के लिहाज से चिंहित सभी हॉट स्पॉट पर रोकथाम के उपाय करने के लिए कहा।
उन्होंने एसीईओ के साथ ही महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधकों को खुद भी नियमित विजिट करने को कहा है। एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
नोटिस बोर्ड पर पंफलेट चस्पा करें
प्रदूषण की रोेकथाम के लिए आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट आनर एसोसिएशन के आफिस सामुदायिक केंद्रों आदि के नोटिस बोर्ड पर पंफलेट चस्पा करें और बल्क वेस्ट जेनरेटरों, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में एनजीओ के जरिए जागरुकता अभियान चलाकर जागरूक करने के लिए कहा।
ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने पर जोर
उन्होंने ग्रेटर नोएडा में ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने और सर्दियों में लकड़ी के अलाव की जगह इलेक्ट्रिक हीटर का इस्तेमाल करने हार्टिकल्चर वेस्ट को जलाने के बजाय वर्मी कंपोस्ट बनाने पर जोर दिया।
सीईओ ने साफ कहा कि प्रदूषण रोकने के नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाकर कड़ी कार्रवाई करें। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव, नुपूर गोयल समेत महाप्रबंधक एके सिंह और उप महाप्रबंधक विजय रावल सहित सभी वरिष्ठ प्रबंधक व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।