ग्रेटर नोएडा में जनगणना कार्य में लापरवाही पर दर्ज होगी FIR, शत-प्रतिशत स्व-गणना कराने पर सम्मानित होंगे प्रतिनिधि
ग्रेटर नोएडा में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का स्वगणना अभियान 16 से 30 नवंबर तक चल रहा है। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर एफआईआर की चेतावनी दी गई है।
-1795283241960_m.webp)
जनगणना ड्यूटी में लापरवाही करने वालों के खिलाफ दर्ज होगा FIR। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
ग्रेटर नोएडा में 16-30 नवंबर तक चल रहा स्वगणना अभियान।
जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर एफआईआर दर्ज होगी।
शत-प्रतिशत स्वगणना पर सेक्टर प्रतिनिधियों का सम्मान।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान आम निवासी जनगणना पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
जनगणना के लिए इन्यूमेरेटर और सुपरवाइजर की तैनाती
नगर जनगणना अधिकारी और प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि जनगणना के लिए कुल 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। इन कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि निर्धारित समय में जनगणना का कार्य पूरा कराया जा सके।
वहीं, ऐसे इन्यूमेरेटर जिन्होंने अभी तक अपनी ड्यूटी प्राप्त नहीं की है और आवंटित कार्यक्षेत्र में जनगणना का कार्य शुरू नहीं किया है, उन्हें सख्त चेतावनी दी गई है। संबंधित कर्मचारियों को तत्काल अपना ड्यूटी पत्र प्राप्त कर आवंटित क्षेत्र में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शत- प्रतिशत स्वगणना होने पर सम्मानित होंगे प्रतिनिधि
16 से 30 नवंबर तक चल रहे अभियान के अंतर्गत जिस भी सेक्टर या सोसायटी के शत-प्रतिशत निवासी स्वगणना में शामिल होंगे, उनके ब्लाक या सेक्टर प्रतिनिधि (आरडब्ल्यूए) को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की तरफ से सम्मानित किया जाएगा।
एसीईओ और नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने सभी सेक्टरवासियों व आवासीय सोसायटियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- स्व-गणना में ग्रेटर नोएडा नंबर वन, 1872 लोगों ने पूरी की प्रक्रिया; 12 जोन में बंटा गौतमबुद्ध नगर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।