ग्रेटर नोएडा का कैबिनोज अपार्टमेंट अंधेरे में डूबा, 49 लाख बकायों की कटी बिजली, लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कैबिनोज अपार्टमेंट में 49 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल के कारण बिजली आपूर्ति काट दी गई है। इससे सैकड़ों परिवारों का दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है, और निवासी जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
-1795647290486_m.webp)
ग्रेटर नोएडा का कैबिनोज अपार्टमेंट अंधेरे में डूबा ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
बिजली विभाग ने 49 लाख के बकाये पर आपूर्ति काटी।
कैबिनोज अपार्टमेंट के सैकड़ों परिवार अंधेरे में, जीवन प्रभावित।
निवासियों ने प्रबंधन और विभाग से जल्द समाधान मांगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16 स्थित कैबिनोज अपार्टमेंट के निवासियों को एक बार फिर बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
करीब 49 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल के चलते बिजली विभाग ने बुधवार को शाम चार बजे अपार्टमेंट की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। अचानक बिजली कटने से यहां रहने वाले परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई से लेकर बुजुर्गों की दिनचर्या तक प्रभावित हो रही है। घरों में बिजली नहीं होने से लोगों को जरूरी काम निपटाने में परेशानी हो रही है।
वहीं, लिफ्ट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी निवासी चिंतित हैं। अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों का कहना है कि बिजली जैसी जरूरी सुविधा बंद होने से सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बिजली विभाग ने कर दी थी आपूर्ति बंद
निवासी एके झा ने बताया कि इससे पहले 12 नवंबर को भी करीब 49 लाख रुपये का बकाया होने के कारण बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद कर दी थी। उस दौरान प्रबंधन की ओर से भुगतान का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब चार घंटे में बिजली दोबारा जोड़ दी गई थी।
निवासियों को उम्मीद थी कि इस बीच बकाये का समाधान हो जाएगा, लेकिन एक बार फिर बिजली काटे जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
निवासियों का कहना है कि बिजली बिल का विवाद प्रबंधन और विभाग के बीच का है, लेकिन इसका असर उन परिवारों पर पड़ रहा है जो नियमित रूप से रहते हैं। उन्होंने जल्द विवाद सुलझाकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।