विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में सिलिंडर ब्लास्ट ने छीनीं खुशियां, पिता-बेटे की मौत के बाद 10 दिन टाली गई बेटी की शादी

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:44 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में सिलिंडर ब्लास्ट से पिता-पुत्र की मौत के बाद धीरज की शादी 10 दिन के लिए टाल दी गई है। हादसे में परिवार के जरूरी दस्तावेज जलने से सरकारी सहायता मिलने में भी देरी हो रही है।

जेवर के दयानतपुर गांव में हुए हादसे के बाद मृतक पिता-पुत्र के परिजनों को सांत्वना देते सांसद डॉक्टर महेश शर्मा। जागरण

जेवर के दयानतपुर गांव में हुए हादसे के बाद मृतक पिता-पुत्र के परिजनों को सांत्वना देते सांसद डॉक्टर महेश शर्मा। जागरण

HighLights

  1. सिलिंडर ब्लास्ट में पिता वीरपाल और बेटे अभिषेक की मौत।

  2. धीरज की शादी 1 दिसंबर से 10 दिन के लिए टली।

  3. जरूरी दस्तावेज जलने से सरकारी सहायता मिलने में देरी।

संवाद सहयोग, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। ग्रेटर नोएडा में दयानतपुर निवासी वीरपाल सिंह की बेटी धीरज की शादी 1 दिसंबर को होनी थी। सोमवार शाम हुए सिलिंडर ब्लास्ट ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

पिता वीरपाल सिंह और इकलौते बेटे अभिषेक की मौत के बाद अब बेटी धीरज की शादी भी टाल दी गई है।

बुधवार को ग्रामीणों और परिजनों ने आपसी सहमति से शादी 10 दिन आगे बढ़ाने का फैसला किया। हादसे में परिवार की दो पीढ़ियां उजड़ने के साथ ही शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई हैं।

हरसंभव मदद का भरोसा दिया

बुधवार को सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कैलाश अस्पताल पहुंचकर काजल और आदित्य का हाल जाना। इसके बाद गांव पहुंचकर पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

सांसद ने धीरज की शादी के लिए 1 लाख रुपये की सहायता देने की पेशकश की, लेकिन ग्रामीणों ने इसे लेने से इंकार कर काजल को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग रखी।

विस्फोट का CCTV फुटेज सामने आया

सांसद ने इस संबंध में सरकार से वार्ता का आश्वासन दिया। हादसे के दौरान सिलिंडर में हुए विस्फोट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें शाम 6:20 बजे तेज धमाके के साथ आग की चमक और लपटें दिखाई दे रही हैं।

आधार कार्ड व बैंक पासबुक मांगी

वहीं, आग में जरूरी दस्तावेज जलने से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता मिलने में भी देरी हो रही है। तहसील प्रशासन ने राज्य आपदा मोचन निधि से सहायता के लिए वीरपाल की पत्नी शकुंतला और अभिषेक की पत्नी काजल के आधार कार्ड व बैंक पासबुक मांगी हैं।

परिजनों के अनुसार, हादसे में सभी जरूरी कागजात जल गए हैं। दोबारा दस्तावेज तैयार कर प्रशासन को सौंपे जाएंगे।

यह भी पढ़ें- गैस सिलिंडर विस्फोट: 7 दिन बाद उठनी थी बेटी की डोली, घर से एक साथ उठीं पिता-पुत्र की अर्थियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।