ग्रेटर नोएडा में काम करने वालों की बल्ले-बल्ले, UPSIDA साइट-5 में जल्द शुरू होगी आवासीय योजना
यूपीसीडा ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित साइट-5 में ग्रुप हाउसिंग और होटल की नई योजना ला रहा है। इससे औद्योगिक ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
यूपीसीडा साइट-5 में ग्रुप हाउसिंग और होटल योजना।
हजारों कर्मचारियों और उद्यमियों को मिलेगा सीधा लाभ।
निवेश, आबादी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे क्षेत्र में।
रंजीत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्र में जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने वाली है। यूपीसीडा साइट-5 में ग्रुप हाउसिंग और होटल की नई योजना लाने की तैयारी में है। क्षेत्रीय कार्यालय के प्रस्ताव पर कानपुर मुख्यालय ने योजना पर काम लगभग पूरा कर लिया है।
दोनों योजनाओं को जल्द ही लांच किया जा सकता है। योजना के आने से औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों और बाहर से आने वाले उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा।
क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक, साइट-5 स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के सामने खाली पड़े दो भूखंडों पर होटल और ग्रुप हाउसिंग की योजना प्रस्तावित है। अभी तक ग्रुप हाउसिंग की सुविधा केवल साइट-सी में उपलब्ध है। अन्य सेक्टरों में काम करने वाले कर्मचारियों को आवास के लिए दूर जाना पड़ता है।
प्रस्ताव पर अंतिम चरण में चल रहा काम
इसी समस्या को देखते हुए इसे अन्य सेक्टरों में भी विस्तारित करने का प्रस्ताव पूर्व में मुख्यालय को भेजा गया था। अब उस प्रस्ताव पर अंतिम चरण का काम चल रहा है। योजना के तहत होटल बनने से बाहर से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों और अधिकारियों को ठहरने के लिए अच्छी सुविधा मिलेगी। उन्हें मीटिंग और कारोबार के लिए ग्रेटर नोएडा के अन्य सेक्टरों या नोएडा नहीं जाना पड़ेगा।
वहीं ग्रुप हाउसिंग बनने से फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी अपने परिवार के साथ औद्योगिक क्षेत्र के पास ही रह सकेंगे। इससे उनका आने-जाने का समय और खर्च दोनों बचेगा। यूपीसीडा के अधिकारियों का मानना है कि इस योजना से क्षेत्र में निवेश और आबादी दोनों बढ़ेगी।
जब लोगों को पास में ही रहने और ठहरने की सुविधा मिलेगी तो नए उद्योग भी यहां आने के लिए आकर्षित होंगे। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और औद्योगिक क्षेत्र का समग्र विकास होगा। इस संबंध में यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि साइट-5 में ग्रुप हाउसिंग और होटल की योजना पर मुख्यालय में अंतिम चरण का काम चल रहा है।
ब्रोशर और आरक्षित मूल्य तय होते ही योजना होगी लॉन्च
हमारा उद्देश्य है कि औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को पास में ही किफायती आवास मिले और बाहर से आने वाले उद्यमियों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिले। ब्रोशर और आरक्षित मूल्य तय होते ही योजना को लांच कर दिया जाएगा।
अभी ग्रुप हाउसिंग की सुविधा केवल साइट-सी में है। साइट-5 में यह सुविधा शुरू होने से कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी। होटल बनने से औद्योगिक क्षेत्र की छवि भी मजबूत होगी और निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें- 780 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट, मोदीनगर का निवाड़ी बनेगा वेस्ट UP का सबसे बड़ा औद्योगिक केंद्र; मिलेंगे लाखों जॉब
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।