780 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट, मोदीनगर का निवाड़ी बनेगा वेस्ट UP का सबसे बड़ा औद्योगिक केंद्र; मिलेंगे लाखों जॉब
यूपीसीडा मोदीनगर के निवाड़ी में 780 करोड़ रुपये की लागत से 150 हेक्टेयर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर रहा है, जिसके लिए कंसल्टेंसी टेंडर जारी किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।
HighLights
यूपीसीडा ने निवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र विकास हेतु टेंडर जारी किया।
780 करोड़ लागत, 150 हेक्टेयर में बनेगा औद्योगिक केंद्र।
पश्चिमी यूपी का सबसे बड़ा हब, लाखों रोजगार मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मोदीनगर क्षेत्र के नेवारी औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में यूपीसीडा ने तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए प्राधिकरण ने व्यापक कंसल्टेंसी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टेंडर जारी किया है।
चयनित एजेंसी को औद्योगिक क्षेत्र की इंजीनियरिंग डिजाइन, डीपीआर तैयार करने से लेकर बिड प्रक्रिया के प्रबंधन और निर्माण कार्य पूरा होने तक सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। मोदीनगर और मुरादनगर के निकट निवाड़ी गांव में यूपीसीडा 780 करोड़ रुपये की लागत से 150 हेक्टेयर में बड़े औद्योगिक क्षेत्र का विकास कर रहा है।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना तीन चरणों में पूरी की जाएगी। इसके पूरा होने पर निवाड़ी न सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल में 60 हेक्टेयर सरकारी भूमि शामिल है। इसको विकसित करने के लिए यूपीसीडा ने टेंडर जारी किया है, जिसमें 16 नवंबर तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। कार्यदायी एजेंसी को 630 दिन में इसे पूरा करना होगा।
यमुना अथारिटी के बाद होगा सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र
क्षेत्रफल और निवेश क्षमता के लिहाज से यह औद्योगिक क्षेत्र यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के बाद प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्लस्टर माना जा रहा है। यहां एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, लाजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग से जुड़े उद्योगों के आने की संभावना है, जिससे जिले की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।
रोजगार संग क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर खुलेंगे। स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और नौकरी के के साथ ही कस्बों और गांवों में आवास, परिवहन, व्यापार और सेवाओं का भी विस्तार होगा।
जीबीसी के निवेशकों को मिलेगी जमीन
साल 2024 लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 1,24,120 करोड़ रुपये के 3700 से अधिक एमओयू साइन हुए, जिनमें करीब 150 ही धरातल पर उतरे। उद्योग लगाने के इच्छुक 1,676 उद्यमियों ने 548 एकड़ जमीन मांगी थी, जो उपलब्ध नहीं हो सकी।
इससे करीब साढ़े छह लाख रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई थी। जमीन की कमी निवेश और रोजगार के विस्तार की राह में रोड़ा साबित हुई, लेकिन अब निवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में बड़े निवेशकों की जमीन उपब्धता को लेकर राह आसान होगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जिले के प्रमुख उद्योगों में निर्मित उत्पाद
विद्युत पुर्जा, फार्मास्यूटिकल, आटोमोबाइल पिस्टन एवं रिंग, मशीनरी पार्ट्स, होम फर्निशिंग, आटोमोटिव फैब्रिक, फैशन उपकरण, स्टील आधारित, प्लास्टिक फर्नीचर, स्टेनलेस स्टील वायर एवं बार्स, हाई एवं लो कार्बन स्टील वायर, हैंडलूम संबंधित उद्योग शामिल हैं।
निवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के विकास की योजना में कंसल्टेंट एजेंसी की भूमिका अहम होगी। डिजाइन और डीपीआर के साथ निर्माण पूरा होने तक तकनीकी सहयोग मिलने से परियोजना को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
-सलील यादव, उप महाप्रबंधक यूपीसीडा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।