ग्रेटर नोएडा में 13 दिसंबर से होगा 'ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026', भजन क्लबिंग और संतों का अनूठा संगम
ग्रेटर नोएडा में 13 से 15 दिसंबर तक ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है।

प्रेसवार्ता में ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 की जानकारी देते आयोजक। फोटो: जागरण
HighLights
13-15 दिसंबर तक ग्रेटर नोएडा में ग्लोबल भक्ति फेस्ट का आयोजन।
भारत की आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना मुख्य उद्देश्य।
प्रमुख संत, धर्मगुरु, कलाकार और केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल इस महोत्सव में।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा में 13 से 15 दिसंबर तक ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का आयोजन होगा।
नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले महोत्सव में देश के 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, धर्मगुरु, आध्यात्मिक चिंतक और कलाकार शामिल होंगे।
महोत्सव में धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ लाइव कन्सर्ट और भजन क्लबिंग का अनूठा अनुभव भी मिलेगा। महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे।
यह जानकारी शनिवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता में आईईएमएल के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने दी।
युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने का उद्देश्य
महोत्सव का आयोजन इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) की ओर से किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, ग्लोबल भक्ति फेस्ट का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
14 दिसंबर को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, देशभर के विख्यात संत, आध्यात्मिक गुरु और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित होगा। इसमें 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांडों के शामिल होने की संभावना है।
साथ ही 20 हजार से अधिक बीटूबी और बीटूसी खरीदारों, दो हजार से अधिक विशिष्ट प्रतिनिधियों तथा प्रतिदिन 10 हजार से अधिक संगीत प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है।
अध्यात्म को जीवन से जोड़ने का प्रयास
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि ग्लोबल भक्ति फेस्ट का मूल उद्देश्य युवा भारत को अपनी सभ्यतागत ज्ञान परंपरा की गहराई से परिचित कराना है।
महोत्सव के सह-संस्थापक एवं इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीईओ बरुण गुप्ता ने कहा कि सनातन की विविध विचारधाराओं और आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ भारत की धरती से पूरी दुनिया को शांति का संदेश देना आयोजन का उद्देश्य है।
पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी महाराज ने कहा कि जिन संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कुंभ में हजारों किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है, उनके दर्शन ग्रेटर नोएडा में सहज रूप से हो सकेंगे।
भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
महोत्सव के सह-संस्थापक एवं सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस के निदेशक सिद्धांत भाटिया ने आयोजन के मूल विचार ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं को रेखांकित किया।
यह भी पढ़ें- नोएडा में चार मंजिला बनेंगे 15 नए मेट्रो स्टेशन, PPP मॉडल से विकसित होंगे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स; जानें पूरा प्लान