विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा: जिम्स में 150 नर्सों की छुट्टी, स्वास्थ्य व्यवस्था ठप, बढ़ी मरीजों की परेशानी

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:26 AM (GMT+05:30)

जिम्स, ग्रेटर नोएडा में 150 नर्सिंग स्टाफ के 15 दिन की छुट्टी पर जाने से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। नर्सिंग परीक्षा की तैयारी के लिए दी गई इस छुट्टी से सर्जरी रुक गई हैं, वार्ड बंद हुए और मरीजों की देखभाल प्रभावित हुई है।

जिम्स में 150 नर्सिंग स्टाफ की छुट्टी ( फोटो स्रोत : जागरण)

जिम्स में 150 नर्सिंग स्टाफ की छुट्टी ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. जिम्स में 150 नर्सिंग स्टाफ को 15 दिन की छुट्टी।

  2. छुट्टी से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।

  3. सर्जरी रुकीं, वार्ड बंद, मरीजों की देखभाल पर असर।

आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में नर्सिंग स्टाफ की कमी ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है।

तीन दिसंबर को होने वाली नर्सिंग (परमानेंट) परीक्षा की तैयारी के लिए अस्पताल प्रबंधन ने एक साथ करीब 150 नर्सिंग स्टाफ को 15 दिन की छुट्टी दे दी है। इतनी बड़ी संख्या में नर्सों के एक साथ अवकाश पर जाने से अस्पताल में मरीजों की देखभाल और वार्डों के संचालन पर असर पड़ने लगा है।

अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई

आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए नर्सिंग स्टाफ को छुट्टी देने से अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। सूत्रों ने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में नर्स स्टाफ को छुट्टी देने से रोजाना होने वाली सर्जरी बंद हो गई है।

वार्डों में मरीजों को भर्ती पर भी रोक लगा दी है। केवल इमरजेंसी सर्जरी ही की जा रही है। पहले से तय सर्जरी को आगे के लिए टाल दिया गया है। डाक्टरों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही मरीजों का दबाव रहता है। ऐसे में नर्सों को छुट्टी देना उचित नहीं है।

इस कारण इमरजेंसी और आइसीयू को छोड़कर अन्य विभागों में नियमित चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ओपीडी और वार्डों में मरीजों की देखभाल को लेकर भी परेशानी सामने आ रही है।

विद्यार्थियों से कराया जा रहा काम 

आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए अस्पताल प्रबंधन विद्यार्थियों से काम करा रहा है। इससे मरीजों की देखभाल और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। डाक्टरों का कहना है कि प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की जगह विद्यार्थियों से मरीजों को दिखवाना उनके हित में नहीं है।

नर्सिंग स्टाफ की कमी का असर अस्पताल के वार्डों पर भी पड़ा है। तीसरे फ्लोर पर बने वार्डों को बंद कर दिया गया है।

जिम्स की स्थिति

सामान्य दिनों में भर्ती मरीजों की संख्या 400 से 500

वर्तमान समय में भर्ती मरीजों की संख्या 100 से 150

रोजाना सामान्य दिनों में होने वाली सर्जरी 10 से 15

वर्तमान समय पर बंद

सामान्य दिनों में ओपीडी 1500 से 2000

मंगलवार को करीब 600

कुल नर्सिंग स्टाफ लगभग 250

वर्तमान समय में तैनात नर्स स्टाफ करीब 100


वैकल्पिक व्यवस्था के लिए विद्यार्थियों और अन्य स्टाफ से करीब 200 लोगों को लगाया गया है। नियमित रूप से सभी व्यवस्थाएं चल रही हैं। मंगलवार को ही लगभग 15 सर्जरी की गई हैं। छुट्टी वाले दिन भी करीब 600 की ओपीडी हुई है।-- डॉ बिग्रेडियर राकेश गुप्ता, निदेशक, जिम्स

यह भी पढ़ें- यमुना के डूब क्षेत्र में पत्थर पीसकर डस्ट का अवैध कारोबार जारी, एनजीटी के आदेशों की उड़ाई जा रही धज्जियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।