विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना के डूब क्षेत्र में पत्थर पीसकर डस्ट का अवैध कारोबार जारी, एनजीटी के आदेशों की उड़ाई जा रही धज्जियां

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:17 AM (IST)

नोएडा में यमुना के डूब क्षेत्र में एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन कर पत्थर पीसकर डस्ट बनाने का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। इस कारोबार से यमुना और भूजल प्रदूषित हो रहा है, जबकि पूर्व की कार्रवाई भी इसे रोक नहीं पाई है।

यमुना के डूब क्षेत्र में पत्थर पीसकर डस्ट का अवैध कारोबार जारी ( फोटो स्रोत : जागरण )

यमुना के डूब क्षेत्र में पत्थर पीसकर डस्ट का अवैध कारोबार जारी ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. यमुना के डूब क्षेत्र में अवैध पत्थर क्रशिंग का कारोबार

  2. एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन, गंभीर पर्यावरणीय प्रदूषण

  3. भूजल और यमुना नदी इस गतिविधि से दूषित

प्रवेंद्र सिंह सिकरवार, नोएडा। एनजीटी के आदेश की धज्जियां उड़ाकर यमुना के डूब क्षेत्र में पत्थर पीसकर डस्ट तैयार करने का अवैध कारोबार और गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं।

सेक्टर-94 से सेक्टर-128 तक करीब 10 किलोमीटर के दायरे में 20 से अधिक स्टोन क्रशर संचालित होने और 50 से ज्यादा स्थानों पर डस्ट बिक्री के ठिकाने बने हुए हैं। क्रशर से पत्थर पीसे जाते हैं। पिसे माल को स्थानों पर पहुंचाकर उसकी धुलाई व छंटाई हो रही है।

किराए की जमीन पर बना रहे अस्थायी ठिकाने

इसके लिए खेती की जमीन किराये पर लेकर अस्थायी ठिकाने बनाए गए हैं। अवैध बोरवेल को प्रतिबंधित डीजल जनरेटर से चलाकर पिसे हुए पत्थरों की धुलाई कर डस्ट को अलग करने का कार्य धड़ल्ले से जारी है।

इस कारोबार में पत्थरों की पिसाई से लेकर डस्ट की बिक्री तक अलग-अलग स्तर पर लोग जुड़े हैं। क्रशर संचालक पत्थरों को छोटे टुकड़ों और महीन कणों में बदलते हैं। इसके बाद डंपर और ट्रकों के जरिये सामग्री को धुलाई के ठिकानों तक पहुंचाया जाता है। खेती की जमीन किराये पर लेकर वहां पानी से पत्थर की धुलाई, छंटाई और डस्ट तैयार करने का काम हो रहा है।

डस्ट और पत्थर के छोटे-छोटे टुकड़ों को निर्माण कार्यों में इस्तेमाल के लिए बेचा जाता है। इस व्यवस्था में जमीन मालिकों को किराये की रकम, क्रशर संचालकों को पिसाई का भुगतान, ट्रांसपोर्टरों को ढुलाई का किराया और डस्ट विक्रेता अवैध कमाई कर रहे हैं।

यमुना और भूजल को कर रहे दूषित

पत्थरों की धुलाई में इस्तेमाल पानी सीधे यमुना में पहुंच रहा है। इसी पानी को खेती व नालों में छोड़ा जा रहा है। नदी में निलंबित ठोस पदार्थों की मात्रा बढ़ रही है। डूब क्षेत्र में अवैध बोरवेल से लगातार भूजल निकालने पर नदी और भूजल के बीच प्राकृतिक संतुलन प्रभावित होने का खतरा रहता है।

क्रशर के लिए 500 मीटर की दूरी जरूरी

उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 10 फरवरी 2022 की गाइडलाइन के अनुसार स्टोन क्रशर इकाई नदी के डूब क्षेत्र से कम से कम 500 मीटर दूर होनी चाहिए। दूरी का सत्यापन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकृत अधिकारी को करना होता है।

पूर्व में हुई कार्रवाई नहीं कर सकी बंद

यमुना किनारे अवैध स्टोन क्रशर का मामला नया नहीं है। सितंबर 2020 में सेक्टर-94 के पास पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से 13 स्टोन क्रशर, पांच डंपर, तीन ट्रक, तीन अर्थमूवर और दो जनरेटर जब्त किए गए थे। यह कार्रवाई भी स्टोन क्रशर और डस्ट के अवैध कारोबार को बंद नहीं कर सकी।

यह भी पढ़ें- भोजपुर डबल मर्डर: शादी के जश्न में घुसे हथियारबंद बदमाश, 3 दोस्तों पर अंधाधुंध फायरिंग; 2 ने तोड़ा दम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।