जीबीयू में एआई और ग्रीन टेक्नोलॉजी का नि:शुल्क प्रशिक्षण, छात्रों को मिलेगा भविष्य का कौशल
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ने दिल्ली एनसीआर के छात्रों के लिए एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और ग्रीन टेक्नोलॉजी में मुफ्त प्रशिक्षण शुरू किया है।

जीबीयू में एआई और ग्रीन टेक्नोलॉजी का नि:शुल्क प्रशिक्षण ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
दिल्ली एनसीआर के छात्रों को मुफ्त प्रशिक्षण।
एआई, ग्रीन टेक्नोलॉजी में कौशल विकास।
2030 तक 20,000 छात्रों को रोजगार।
आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी अब गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में एआइ, क्लाउड कंप्यूटिंग और उभरती तकनीकों में निश्शुल्क प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे।
जीबीयू में एक पहल के तहत सोमवार को ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआइ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ किया गया। सेंटर में 2030 तक 20 हजार विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें नौकरी दिलाना लक्ष्य रखा गया है।
अलग-अलग सत्रों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
इसकी स्थापना वन मिलियन फार वन बिलियन और माइक्रोसाफ्ट ने साथ मिलकर की है। वन मिलियन वन बिलियन के संस्थापक मानव सुबोध ने बताया कि सेंटर पर दो दिवसीय से लेकर छह माह तक अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नौकरी के लिए तैयार करना है। पांच सदस्यीय टीम विद्यार्थियों को नियमित सत्रों में प्रशिक्षण देगी। इसमें एआइ, ग्रीन टेक्नोलाजी और अन्य नई तकनीकियों के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को कंपनियों के विशेषज्ञों से भी प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, जिनके अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
तकनीकी जरूरतों को पूरा किया जाएगा
यहां पर जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए ग्रीन टेक्नोलाजी और एआई आधारित समाधानों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के लिए हैकथान, इनोवेशन चैलेंज और तकनीकी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने और तकनीक आधारित समाधान विकसित करने का अवसर मिलेगा।
वहीं, शिक्षकों की तकनीकी विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम भी संचालित किए जाएंगे। इसके माध्यम से शिक्षक नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जुड़ सकेंगे। विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा
प्रशिक्षण लेने के लिए चयन हो गया है। इसके माध्यम से हमें नई टेक्नोलाजी और टीम में काम करने का व्यवाहरिक ज्ञान भी मिलेगा।- दिशा शर्मा, बीटेक, सीएसई, जीबीयू
ग्रीन टेक्नोलाजी और एआइ आधारित तकनीकों के बारे में विशेषज्ञों से व्यवहारिक ज्ञान मिलना हमारी नौकरी के लिए द्वार खोलेगा। कुछ सत्र में शामिल हुईं हूं, जिसमें काफी कुछ सीखने को मिला।- सान्वी तिवारी, एनवायरनमेंट साइंस, जीबीयू
सेंटर में प्रशिक्षण मिलने के बाद हम लोग नौकरी के लिए पूरी तरह से तैयार हो सकेंगे। विशेष बूटकैंप में एआइ, ग्रीन स्किल्स और उभरती तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।- किंजल निगम, बीटेक सीएसई एआइ, जीबीयूयह भी पढ़ें- नोएडा सोसायटी पार्किंग से ग्रैंड विटारा चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल