विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कृषि और चिकित्सा शोध के लिए विदेशों पर खत्म होगी निर्भरता, GBU के विज्ञानियों ने तैयार किए 5 स्वदेशी सिंथेटिक जीन

By Ashish ChaurasiaEdited By: Shanu Sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 07:42 PM (GMT+05:30)

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने पांच स्वदेशी सिंथेटिक जीन विकसित किए हैं, जिन्हें भारत सरकार से पेटेंट मिला है।

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय। फोटो-जागरण आर्काइव

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने पांच स्वदेशी सिंथेटिक जीन विकसित किए।

  2. इन जीनों को भारत सरकार से पेटेंट प्राप्त हुआ है।

  3. कृषि और मानव स्वास्थ्य में बड़े बदलाव लाने में सहायक होंगे।

आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। स्‍वदेशी की दिशा में बढ़ते कदम अब विज्ञान के क्षेत्र में भी तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक अनेक आणविक उपकरणों के लिए भारतीय शोधकर्ताओं को विदेशी स्रोतों और व्यावसायिक रूप से उपलब्ध जीन कंस्ट्रक्ट पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विज्ञानियों ने पांच अलग-अलग प्रकार के स्‍वदेशी सिंथेटिक जीन विकासित किए हैं।

इन्हें भारत सरकार से पेटेंट भी मिल गया है। इन सिंथेटिक जीनों की सहायता से विज्ञानी डीएनए में लक्षित बदलाव करने वाले मालीक्यूलर टूल्स विकसित कर सकेंगे। साथ ही, किसी विशेष जीन की सक्रियता को बढ़ाने या घटाने तथा डीएनए के मूल अनुक्रम में बदलाव किए बिना उसकी अभिव्यक्ति को नियंत्रित करने वाले उपकरण भी तैयार किए जा सकेंगे।

विदेशी स्त्रोतों पर निर्भर भारतीय शोधकर्ता

जीन इंजीनियरिंग और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विज्ञानियों के अनुसार अभी तक इस प्रकार के अनेक आणविक उपकरणों के लिए भारतीय शोधकर्ताओं को विदेशी स्रोतों और व्यावसायिक रूप से उपलब्ध जीन कंस्ट्रक्ट पर निर्भर रहना पड़ता रहा है।

इनकी अधिक लागत, सीमित उपलब्धता और अनुसंधान की आवश्यकता के अनुसार बदलाव करने में आने वाली कठिनाइयां शोध कार्यों को प्रभावित करती हैं।

WhatsApp Image 2026-10-27 at 6.22.01 PM

विश्वविद्यालय में विकसित स्वदेशी सिंथेटिक जीन इस निर्भरता को कम करने और देश में जीन इंजीनियरिंग अनुसंधान को अधिक सुलभ, किफायती और आवश्यकतानुसार अनुकूलित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकते हैं। इन आविष्कारों को स्कूल आफ बायोटेक्नोलाजी के डा. विक्रांत नैन, डा. प्रदीप तोमर और सुमन ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।

कृषि जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में इस तरह होगा उपयोग

डा. विक्रांत नैन के अनुसार इन पांचों स्वदेशी आणविक उपकरणों का उपयोग कृषि जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी किया जा सकेगा। इनकी सहायता से विज्ञानी फसलों में रोग प्रतिरोधक क्षमता, सूखा एवं तापमान सहनशीलता, पोषण संबंधी गुणों और उत्पादकता से जुड़े जीनों में तय बदलाव और सक्रियता को नियंत्रित कर सकेंगे।

IMG-20261104-WA0037

उदाहरण के तौर पर हिमाचल प्रदेश की फसल को उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मौसम के अनकूल तैयार करने में मददगार होगा। इससे भविष्य में ऐसी फसल किस्में विकसित करने के नए अवसर मिलेंगे, जो विभिन्न क्षेत्रों की जलवायु, मिट्टी और कृषि परिस्थितियों के लिए अधिक उपयुक्त होंगी।

मानव स्वास्थ्य और जैव चिकित्सा अनुसंधान में होगा मददगार

सिंथेटिक जीनों का महत्व केवल कृषि क्षेत्र तक सीमित नहीं है। मानव स्वास्थ्य और जैव चिकित्सा अनुसंधान में भी इनके सहायता से विभिन्न रोगों से जुड़े जीनों के कार्यों का अध्ययन करने, उनकी सक्रियता को नियंत्रित करने तथा जीन अभिव्यक्ति में होने वाले बदलावों को समझने के लिए आणविक उपकरण विकसित कर सकेंगे।

इससे आनुवंशिक विकारों और अन्य बीमारियों के आणविक कारणों को समझने के साथ भविष्य में नई उपचार पद्धतियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकती है

पांच आविष्कारों को मिला पेटेंट

जीबीयू के विज्ञानियों ने आविष्कारों के लिए सितंबर 2020 में पेटेंट आवेदन दाखिल किए थे। भारतीय पेटेंट कार्यालय ने मई से जुलाई 2026 के बीच सभी पांच आविष्कारों को पेटेंट प्रदान किए।

इनमें जीनोम एडिटिंग के लिए प्रोग्राम करने योग्य न्यूक्लिएस में फोकी न्यूक्लिएस डोमेन को कोड करने वाला सिंथेटिक जीन, प्रोग्राम करने योग्य ट्रांसक्रिप्शन रिप्रेसर में क्रैब ट्रांसक्रिप्शन रिप्रेशन डोमेन को कोड करने वाला सिंथेटिक जीन, प्रोग्राम करने योग्य ट्रांसक्रिप्शन फैक्टर में एनएफ-कप्पा बी ट्रांसक्रिप्शन एक्टिवेशन डोमेन के पी65 सबयूनिट को कोड करने वाला सिंथेटिक जीन, एपिजिनोम एडिटिंग के लिए प्रोग्राम करने योग्य एंजाइम में टीईटी वन कैटालिटिक डोमेन को कोड करने वाला सिंथेटिक जीन और प्रोग्राम करने योग्य ट्रांसक्रिप्शन फैक्टर में वीपी64 ट्रांसक्रिप्शन एक्टिवेशन डोमेन को कोड करने वाला सिंथेटिक जीन शामिल हैं। ये आविष्कार जीनोम एडिटिंग, जीन की सक्रियता बढ़ाने या घटाने तथा एपिजीनोम एडिटिंग से संबंधित हैं।

अधिक गर्मी सर्दी सह सकेंगे बीज

इस तकनीक से तैयार नए बीजों से फसलों में बीमारियों से लड़ने की ताकत बढ़ेगी। वे ज्यादा गर्मी-सर्दी सह सकेंगे, उनमें पोषण ज्यादा होगा और पैदावार भी बढ़ेगी। इससे हर क्षेत्र के किसानों के लिए खेती करना आसान होगा।

वहीं मानव शरीर में अनुवांशिक बीमारियों के कारणों को समझकर उनके इलाज के लिए तैयार किए गए सिंथेटिक जीन इंसानों के लिए भी फायदेमंद साबित होंगे। भविष्य में नई उपचार पद्धतियों को विकसित किया जा सकेगा।

Manish

यह स्वदेशी सिंथेटिक जीन जीनोम एडिटिंग के लिए कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में काफी लाभकारी होगा। अभी तक के सभी विदेशी जीन कंस्ट्रक्ट होने के साथ उनके उपयोग पर अलग-अलग शुल्क देना होता था। इनमें अधिक समय भी लगता है। अब भारत का स्वेदशी तैयार होने से कृषि और मानव अनुसंधान और शोध के क्षेत्र में बढ़ावा आने के साथ ही भारतीय विज्ञानियों की एक अलग ही पहचान विदेश में बनाने में मददगार होगा।

- डा. मनीष सिंह राजपूत, डीन रिसर्च, हेड बायोटेक्नोलाजी डिपार्टमेंट, डा. आंबेडकर इंस्टीट्यूट आफ़ टेक्नोलाजी फार दिव्यांगजन, कानपुर

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 17 साल के छात्र का अपहरण कर जंगल में की बेरहमी से पिटाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।