विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गौर सिटी के बेसमेंट में खड़ी 4.5 लाख की बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात; निवासी बोले- यही है लाखों की सिक्योरिटी?

Published: Fri, 02 Oct 2026 08:17 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा की गौर सिटी सोसायटी के बेसमेंट से 4.5 लाख रुपये की बाइक चोरी हो गई, जिसकी पूरी वारदात ...और पढ़ें

HighLights

  1. गौर सिटी बेसमेंट से 4.5 लाख की बाइक चोरी।

  2. चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद।

  3. पुलिस तीन दिन बाद भी चोरों को पकड़ न सकी।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र की गौर सिटी सोसायटी के सात एवेन्यू में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में सी-टावर के बेसमेंट से साढ़े चार लाख रुपये की बाइक चोरी हो गई। पूरी घटना सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। लोगों का कहना है कि लाखों की सुरक्षा व्यवस्था का दावा दिखावटी है।

बेरोक-टोक लोगों की आवाजाही पर सवाल

घटना के बाद से सोसायटी के लोगों में आक्रोश है। सोसायटी में मयंक राणा परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने रविवार को अपनी बाइक सोसायटी के बेसमेंट में खड़ी की थी। अगली सुबह जाकर देखा तो बाइक गायब मिली। निवासियों का आरोप है कि सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। बेसमेंट में बिना रोक-टोक बाहरी लोगों की आवाजाही होती है। यह पिछले दो साल में चोरी की आठवीं घटना है। कुछ महीने पहले ही एक बंद फ्लैट से चोर लाखों का सामान समेट ले गए थे।

फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही

लगातार हो रही चोरियों से सोसायटी के लोगों में दहशत और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सिक्योरिटी एजेंसी बदलने की मांग की है। बिसरख काेतवाली प्रभारी रणजीत सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है।

स्थानीय लोग पुलिसिया कार्रवाई से नाराज

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईराइज सोसायटी में रहने के बावजूद क्या यहां उनके वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं? ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी 7 एवेन्यू में 4.5 लाख रुपये की बाइक बेसमेंट पार्किंग से चोरी हो जाने की वारदात से सभी हैरान हैं। वहीं, पुलिस पर सवाल उठाते हुए लोगों का कहना है कि पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद होने के बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से बाहर है।

यह भी पढ़ें- नोएडा में Google Maps से जुड़कर AI बताएगा कहां और कब लगता है जाम, 1-2 महीने का डेटा भी रखेगा सेफ

यह भी पढ़ें- 'जमीन हमारी, तो हम अतिक्रमणकारी कैसे?' नोएडा के 81 गांवों में गहराया भूमि विवाद, अथॉरिटी से सवाल कर रहे किसान