नोएडा के बाजारों में दिवाली पर मनमानी, ₹30 वाली फूल-माला के 120 तक वसूल रहे दुकानदार; ग्राहक परेशान
दीपावली के त्योहार पर नोएडा के बाजारों में फूल-मालाओं की मांग बढ़ने से उनके दामों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।

दीवाली में फूल माला के बढ़े दाम। स्वाति भाटिया
स्वाति भाटिया, नोएडा। दीपावली के त्योहार पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए फूल-मालाओं की मांग बढ़ गई है। ऐसे में छोटी दीपावली पर बाजारों में गेंदे के फूलों की माला से लेकर अशोक के पत्तों की माला की खूब बिक्री की मांग तेजी से हो रही है। लेकिन इनके दाम में सेक्टरों के हिसाब से बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
शहर के अलग-अलग बाजारों में एक जैसी फूल माला कहीं 30 रुपये तो कहीं 120 रुपये तक में बेची जा रही है। अशोक के पत्तों की माला के दाम भी 30 से 120 रुपये तक पहुंच गए हैं। ऐसे में त्योहार की खरीदारी करने निकले लोगों को एक ही सामान के लिए अलग-अलग कीमत चुकानी पड़ रही है।
सुबह से ही दिखाई दी ग्राहकों की भीड़
सेक्टर-18, अट्टा मार्केट, सेक्टर-27, सेक्टर-12 और सेक्टर-62 के बाजारों में फूलों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। दुकानदारों ने मांग के अनुसार मालाओं के दाम तय किए हैं। कुछ दुकानों पर छोटी गेंदे की माला 30 से 40 रुपये में मिल रही है, जबकि दूसरी दुकानों पर इसी आकार की माला के लिए 70 से 100 रुपये तक मांगे जा रहे हैं।

वहीं, फूलों की लंबी और घनी माला की कीमत 100 से 120 रुपये तक बताई जा रही है। अशोक के पत्तों की माला को लेकर भी यही स्थिति है। कहीं यह 30 से 50 रुपये में उपलब्ध है तो कहीं दुकानदार 100 से 120 रुपये तक मांग रहे हैं।
ग्राहकों का कहना है कि बाजार में कीमतों को लेकर कोई एकरूपता नहीं है। दुकानदार अपनी दुकान और बाजार के हिसाब से दाम वसूल रहे हैं। त्योहार के कारण लोगों के पास माला खरीदने के अलावा विकल्प भी सीमित हैं।
दुकानदारों का तर्क, मांग बढ़ने से महंगे हुए फूल
सेक्टर-18 के फूल विक्रेता अमित कुमार का कहना है कि दीपावली पर गेंदे और अशोक के पत्तों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। मंडी से फूल महंगे मिलने और परिवहन खर्च बढ़ने के कारण मालाओं के दाम में अंतर आ रहा है। वहीं, सेक्टर-27 के दुकानदार पूर्ण सिंह के अनुसार, माला की कीमत उसके आकार, फूलों की गुणवत्ता और पत्तों की सजावट के आधार पर तय होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।