विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR से उत्तराखंड का सफर और भी आसान, नोएडा एयरपोर्ट से कुमाऊं की उड़ान शुरू; खाने-टैक्सी पर खास छूट

Published: Wed, 14 Oct 2026 11:11 PM (IST)

पंतनगर और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र को दिल्ली-एनसीआर से बेहतर कनेक्टिविटी मिली है।

पंतनगर एयरपोर्ट के लिए नोएडा से उड़ान शुरू। फोटो: आर्काइव

पंतनगर एयरपोर्ट के लिए नोएडा से उड़ान शुरू। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पंतनगर के बीच सीधी हवाई सेवा से कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने का सुविधाजनक विकल्प मिला है।

पंतनगर से नोएडा एयरपोर्ट की सीधी उड़ान

इंडिगो की उड़ान सेवा पंतनगर, हल्द्वानी, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर सहित आसपास के क्षेत्रों को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ती है। इससे पर्यटन, धार्मिक यात्राओं और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यात्री कनेक्टिविटी और व्यापारिक संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, इंडिगो और एयर इंडिया सेट्स ने पंतनगर में रोड शो का आयोजन किया।

इसमें कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केजीसीसीआई), ट्रैवल एजेंट, फ्रेट फॉरवर्डर्स और कॉरपोरेट क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान यात्री सुविधाओं, आगे की उड़ानों, एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं और कार्गो परिवहन के अवसरों पर चर्चा हुई।

प्रतिभागियों ने किफायती किराये, अधिक उड़ान विकल्पों और बेहतर कार्गो सेवाओं को क्षेत्र के व्यापार एवं औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

दिल्ली-एनसीआर और प्रमुख शहरों तक आसान पहुंच

कुमाऊं के यात्रियों को नोएडा एयरपोर्ट के जरिए ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे प्रमुख व्यावसायिक एवं शैक्षणिक केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

वहीं, मथुरा, वृंदावन और आगरा जैसे धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा के लिए भी बेहतर विकल्प मिलेगा। इंडिगो के नेटवर्क के माध्यम से मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों के लिए आगे की उड़ानें लेने की सुविधा भी मिलेगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाइस प्रेसिडेंट क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि पंतनगर-नोएडा एयरपोर्ट हवाई मार्ग कुमाऊं के यात्रियों के लिए सफर के विकल्प बढ़ाएगा।

इससे उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के बीच संपर्क मजबूत होगा तथा धार्मिक यात्राओं, पर्यटन और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।

यात्रियों को मिलेंगी विशेष छूट

पंतनगर से नोएडा एयरपोर्ट की उड़ान से यात्रा करने वाले यात्रियों को चुनिंदा भोजन प्रतिष्ठानों पर 10 प्रतिशत, अधिकतम 200 रुपये तक की छूट मिलेगी।

इनमें कोस्टा कॉफी, केएफसी, सबवे, चाय प्वॉइंट और स्मूर शामिल हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिक टैक्सी और कार किराये की सेवाओं पर 40 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर बना ग्रेटर नोएडा, टूटी सड़कों की धूल ने बढ़ाई आफत; ऑरेंज जोन में AQI

यह भी पढ़ें- नोएडा में चाइल्ड PGI की इमरजेंसी में 'डाॅक्टर' फरमाते रहे आराम, मजबूर पिता को सिरिंज में खुद भरनी पड़ी दवा