नोएडा में चाइल्ड PGI की इमरजेंसी में 'डाॅक्टर' फरमाते रहे आराम, मजबूर पिता को सिरिंज में खुद भरनी पड़ी दवा
चाइल्ड पीजीआई, नोएडा में डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक पिता को अपने बीमार शिशु के लिए खुद सिरिंज में दवा भरनी पड़ी।

सिरिंज दवा भरने का वीडियो वायरल। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
चाइल्ड पीजीआइ में पिता ने खुद भरी शिशु के लिए दवा
इमरजेंसी वार्ड में फाल्स सीलिंग से पानी टपकने का मामला
लापरवाही पर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से कार्रवाई की मांग
जागरण संवाददाता, नोएडा। चाइल्ड PGI में डाक्टर व स्टाफ की लापरवाही का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। इमरजेंसी वार्ड में गंभीर बीमारी के शिशु के लिए पिता को खुद ही सिरिंज में दवाई भरनी पड़ गई।
शिशु के दिल में छेद होने की बात सामने आई है। बुधवार सुबह इमरजेंसी वार्ड की घटना को स्वजन ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से लापरवाह स्टाफ पर कार्रवाई कर चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
इमरजेंसी में पिता को खुद भरनी पड़ी सिरिंज
वायरल वीडियो 49 सेकेंड का है। चाइल्ड PGI में डाक्टर और नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही को अपने मोबाइल में कैद करने वाले छपरौला के युवक ने बताया कि वह अपने बच्चे का इलाज कराने गए थे।
इमरजेंसी वार्ड में अव्यवस्था देखी तो होश उड़ गए। वहां फाल्स सीलिंग से बेड पर पानी टपक रहा था, जिससे बाल मरीजों के बेड गीले हो चुके थे जबकि एक शिशु के पिता को खुद ही मजबूरी में सिरिंज में दवाई भरनी पड़ गई।
हालांकि, वीडियो से स्पष्ट नहीं हुआ कि पिता ने शिशु को सिरिंज से दवाई की डोज दी थी या नहीं? वहीं दूसरी वीडियो में बाल मरीजों पर हादसे के खतरे का वायरल हुआ है।
गनीमत रही कि फाल्स सीलिंग गिरने से हादसा नहीं हुआ। कार्यवाहक निदेशक डाॅ. ज्योत्सना मदान का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उससे पहले कुछ कहा नहीं जा सकता है।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: सोसायटी की 21वीं मंजिल से कूद कर इंजीनियर ने किया सुसाइड, जांच में सामने आई ये वजह
