ग्रेटर नोएडा में Blinkit बेच रहा नकली सामान, गोदाम पर BIS ने मारा छापा; फर्जी ISI मार्क वाली चीजें जब्त
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी स्थित ब्लिंकिट के गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी में फर्जी ISI मार्क वाले इलेक्ट्रिक केतली, स्टीमर सहित कई 'XH' ब्रांड के उत्पाद जब्त किए गए।

ग्रेटर नोएडा के ब्लिंकइट के गोदाम पर मारा गया छापा। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, नोएडा। भारतीय मानक ब्यूरो, नोएडा की टीम ने पुलिस के सहयोग से ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड (ब्लिंकिट) के परिसर में छापेमारी की। इस दौरान फर्जी आईएसआई मार्क और पंजीकरण चिह्न का इस्तेमाल कर रखे गए कई उत्पाद बरामद किए गए।
बीआईएस की टीम ने मौके से संबंधित सामग्री जब्त कर ली। जांच के दौरान परिसर में एक्स एच ब्रांड की इलेक्ट्रिक केतली, स्टीमर, लैंप और टॉर्च भंडारण के साथ बिक्री के लिए प्रदर्शित मिले। इन उत्पादों पर आईएसआई मार्क और पंजीकरण चिह्न अंकित थे।
बिना वैध लाइसेंस आईएसआई मार्क लगाना अपराध
छापेमारी का नेतृत्व उप निदेशक हर्षित कुमार जैन और सहायक निदेशक रसुजीत चोंगदर ने किया। टीम में वरिष्ठ सहायक अश्विनी वर्मा, आकाश कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक दीपक कुमार शामिल रहे।
कार्रवाई में स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी सहयोग किया। भारतीय मानक ब्यूरो के अनुसार, भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 की धारा 17 के तहत बिना वैध लाइसेंस के आईएसआई मार्क का इस्तेमाल करना दंडनीय अपराध है।
ऐसे मामलों में दो वर्ष तक की कैद और न्यूनतम दो लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान है। जुर्माना उत्पाद के मूल्य का दस गुना तक हो सकता है।
उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सामान खरीदते समय आईएसआई मार्क के साथ सीएम/एल नंबर की जांच जरूर करें। इसके लिए बीआईएस एप का इस्तेमाल कर लाइसेंस की वैधता सत्यापित की जा सकती है।
यह भी पढ़ें- नोएडा में जल्द दौड़ेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, सेक्टर-82 टर्मिनल से चलाई जाएंगी; चार्जिंग डिपो की तैयारी तेज