ग्रेटर नोएडा में भारत उद्यम संगम, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को मिला नया मंच
ग्रेटर नोएडा के जीएल बजाज इंस्टीट्यूट में भारत उद्यम संगम 2026 का आयोजन हुआ, जिसमें स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने पर गहन मंथन किया गया।

ग्रेटर नोएडा में भारत उद्यम संगम ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
जीएल बजाज इंस्टीट्यूट में भारत उद्यम संगम 2026 आयोजित।
शोध को बाजार तक पहुंचाने, स्टार्टअप निवेश पर चर्चा।
युवाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने पर जोर।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी एंड मैनेजमेंट में भारत उद्यम संगम 2026 का आयोजन हुआ।
जीएल बजाज सेंटर फार रिसर्च एंड इन्क्यूबेशन की ओर से आयोजित सम्मेलन में करीब 500 विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्टार्टअप संस्थापकों, उद्यमियों, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
सम्मेलन में प्रयोगशाला में विकसित होने वाले शोध और तकनीकी नवाचार को बाजार तक पहुंचाने, स्टार्टअप को निवेश उपलब्ध कराने और युवाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने पर चर्चा हुई।
डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के इनोवेशन हब के सहयोग से आयोजित सम्मेलन का विषय प्रयोगशाला से बाजार तक : स्टार्टअप निवेश, छात्र नवाचार, उद्यमिता एवं इन्क्यूबेशन रहा।
मुख्य अतिथि भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के पूर्व महानिदेशक एवं सेवानिवृत्त आइएएस सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय के विज्ञानी डॉ विशाल चौधरी रहे। बीआइओआरएक्स वेंचर्स के संस्थापक एवं सीईओ डॉ विशाल गांधी, एक्सीलरेट आथर एवं स्टार्टअपधूप के संस्थापक विवेक चड्ढा, स्टार्टअपन्यूज डाट एफवाइआइ के संस्थापक मधुर मोहन मलिक, सोज्जा के संस्थापक उत्तम कुमार और एकेटीयू इनोवेशन हब के सीईओ डा. महीप सिंह ने अपने अनुभव साझा किए।
कई गतिविधियां भी हुईं आयोजित
सम्मेलन में हैकाथान, निवेशक पैनल चर्चा, क्षमता निर्माण मास्टरक्लास, स्टार्टअप निवेश पिच एरीना और छात्र नवाचार एवं आइडिया पिचिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल और सीईओ कार्तिकेय अग्रवाल ने कहा कि अकादमिक जगत, उद्योग, उद्यमियों और निवेशकों के बीच बेहतर समन्वय से स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. मानस कुमार मिश्रा ने विचार व्यक्त किए।