यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज आज से, गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन; 6 देश बनेंगे पार्टनर
गृहमंत्री अमित शाह ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण ...और पढ़ें

आज से पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आगाज।
HighLights
गृहमंत्री अमित शाह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे।
छह देश पहली बार पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल होंगे।
यह शो यूपी में निवेश और व्यापार के नए अवसर खोलेगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का शुक्रवार को शुभारंभ होगा। गृहमंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। ट्रेड शो में पहली बार आस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देश के तौर पर सहभागिता कर रहे हैं।
इन देशों की भागीदारी से व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, सोर्सिंग, निवेश और नए बाजारों तक प्रदेश के उत्पादोंं की पहुंच के अवसर बढ़ेंगे। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों की बीटूबी बैठक, सेक्टोरल नीति सत्र से प्रदेश में निवेश की नई संभावनाएं तैयार की जाएंगी। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता कर यूपीआइटीएस की तैयारी और लक्ष्य को साझा किया।
देश और दुनिया के बाजारों से जोड़ने का बड़ा मंच
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपीआइटीएस प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश और दुनिया के बाजारों से जोड़ने का बड़ा मंच है। इसमें 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों एवं आगंतुकों, 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के अलावा 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है।
एमएसएमई क्षेत्र उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं। सरकार ऐसा ईकोसिस्टम विकसित कर रही है, जिसमें उद्यम आगे बढ़े, नवाचार करें और वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा कर सकें। यूपीआइटीएस स्थानीय उद्यमों के लिए बाजार तक पहुंच बढ़ाने के साथ निवेश, व्यावसायिक विस्तार और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा।
अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों का पंजीकरण
कार्यक्रम से पहले ही अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी बढ़ रही है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण हो चुके हैं। होस्टेडबायर प्रोग्राम के माध्यम से वास्तविक खरीदारों, आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स, प्रोक्योरमेंट प्रमुखों, व्यापार संघों और व्यावसायिक उद्यमों को जोड़ा जा रहा है।
ट्रेड शो में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, आटोमोबाइल, ईवी एवं आटो कंपोनेंट्स, एविएशन, रक्षा, इलेक्ट्रानिक्स एवं ई-कामर्स, आइटी एवं स्मार्ट-सिटी साल्यूशंस, फिल्म एवं मनोरंजन, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी, फूड प्रोसेसिंग एवं एफएमसीजी, बागवानी, हैंडलूम, हस्तशिल्प एवं टेक्सटाइल्स, स्वास्थ्य, वेलनेस, आयुष, फार्मास्यूटिकल्स एवं मेडिकल इक्विपमेंट, इन्फ्रास्ट्रक्चर, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग एवं रियल एस्टेट, लेदर, पर्यटन एवं हास्पिटैलिटी, स्पोर्ट्स, टायज, रिन्यूएबल एनर्जी, पावर, माइनिंग, लाजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, रिटेल, फाइनेंशियल सर्विसेज, शिक्षा एवं कौशल, पैकेजिंग एवं प्रिंटिंग तथा जल, स्वच्छता एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
इस साल वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को विशेष पहचान
वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट पहल के साथ इस साल वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को विशेष पहचान दी जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक पाक विधियों, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य विरासत को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इस मौके पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी मेधा रुपम आदि माैजूद रहे।
