मुजफ्फरनगर: बसपा से जिला पंचायत सदस्य रहे राहुल सिंह 19 साल बाद रालोद में लौटे, जयंत चौधरी ने दिलाई सदस्यता
बसपा से जिला पंचायत सदस्य रहे राहुल सिंह 19 साल बाद रालोद में वापस लौटे हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री जयन्त चौधरी ...और पढ़ें

नई दिल्ली में केंद्रीय राज्यमंत्री और रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी के आवास पर उन्हें प्रतिमा भेंट करते राहुल सिंह। साथ में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार व अन्य
HighLights
राहुल सिंह 19 साल बाद रालोद में लौटे।
जयन्त चौधरी ने दिल्ली में दिलाई पार्टी सदस्यता।
बसपा से जिला पंचायत सदस्य रहे थे राहुल।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। बसपा से जिला पंचायत सदस्य रहे राहुल सिंह ने 19 साल बाद रालोद में वापसी की है। राजनीति की शुरुआत में रालोद छात्रसभा के अध्यक्ष रहे। दिल्ली स्थित आवास पर केंद्रीय राज्यमंत्री जयन्त चौधरी ने सदस्यता दिलाई। इनके रालोद में शामिल होने से बसपा को झटका लगा है।
आगामी विधानसभा चुनाव के चलते राजनीतिक उठा-पटक का दौर चल रहा है। सभी राजनीतिक दल अपना कुनबा बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में 17 साल तक बसपा में विभिन्न दायित्व का निर्वहन करने वाले राहुल सिंह ने रालोद की सदस्यता ली है। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिलाध्यक्ष संजय राठी, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर के साथ राहुल सिंह दिल्ली स्थित जयन्त चौधरी के आवास पर पहुंचे और रालोद में निष्ठा जताते हुए सदस्य बनने का अनुरोध किया।
जयन्त चौधरी ने पार्टी की सदस्यता देकर संगठन को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। राहुल सिंह के राजनीतिक करियर की शुरुआत रालोद से ही हुई थी। वर्ष 2007 में रालोद छात्रसभा का जिलाध्यक्ष बनाया गया था।
वर्ष 2009 में वह बसपा में चले गए। बसपा में लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष, जिला कोषाध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी, जिला उपाध्यक्ष, सहारनपुर मंडल कोआर्डिनेटर के पदों पर रहे। वर्ष 2021 में बसपा से वार्ड-19 से जिला पंचायत सदस्य बने। ये कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के करीबी हैं।
चरथावल क्षेत्र के गांव पीपलहेड़ा निवासी राहुल सिंह ने बताया संगठन हित में कार्य कर जयन्त चौधरी के हाथों को मजबूत करेंगे। इनके साथ ही देशपाल सिंह, जयवीर सिंह, इंद्र राणा, रामू सिंह आदि ने रालोद की सदस्यता ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।