विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बन रहे दो नए फ्लाईओवर, मुजफ्फरनगर के 20 गांवों को जाम से मिलेगी राहत

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:24 PM (GMT+05:30)

दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर चेक पोस्ट पर दो फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से चल रहा है। इससे पुरकाजी के 20 ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. फलौदा और भूराहेड़ी पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेज।

  2. पुरकाजी के 20 से अधिक गांवों को मिलेगी जाम से मुक्ति।

  3. सड़क हादसों में कमी आएगी, आवागमन होगा सुरक्षित।

संवाद सूत्र, पुरकाजी। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर फलौदा व भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। दोनों फ्लाईओवर बनने से पुरकाजी से सटे हुए 20 से अधिक गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अब इन दोनों फ्लाईओवर के निर्माण होने के बाद जहां स्थानीय लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं हादसों पर भी नियंत्रण रहेगा।

दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे प्रदेश के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक है। इस पर दिन-रात हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। पुरकाजी क्षेत्र में फलौदा और भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर हाईवे को पार करना स्थानीय लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। उत्तराखंड सीमा के बाद भूराहेड़ी पहला गांव है।

फलौदा व भूराहेड़ी के बीच तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। वहीं, फलौदा व भूराहेड़ी चौक पर सड़क पार करते समय भी कई हादसे हो चुके हैं। तेज रफ्तार ट्रक, बस और कार की चपेट में आकर कई लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग घायल हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पार करते समय हर बार जान हथेली पर रखकर निकलना पड़ता था। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए तो हाईवे पार करना सबसे खतरनाक था।

स्थानीय निवासी धर्मेंद्र राठी, सुरेंद्र राठी, शाह आलम गौड़, कृष्ण पाल सिंह व फलौदा के मुकेश त्यागी, सुंदरपाल ने बताया कि फ्लाईओवर के बनने से अब उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस फ्लाईओवर की मांग की जा रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी है। फ्लाईओवर बनने के बाद हाईवे को पार करना आसान हो जाएगा और जाम की समस्या भी खत्म हो जाएगी।

लोगों ने बताया कि फलौदा और भूराहेड़ी पर सुबह-शाम जाम लगता है। गन्ने के सीजन में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है। ट्रैक्टर-ट्राली और ट्रकों की लंबी कतारें लग जाती हैं। फ्लाईओवर बनने के बाद हाईवे पर चलने वाले वाहन ऊपर से निकल जाएंगे और नीचे से स्थानीय वाहन आसानी से आ-जा सकेंगे। किसानों ने भी इस निर्माण का स्वागत किया है।

किसानों का कहना है कि गन्ना लेकर मिल जाने में अब उन्हें जाम में फंसना नहीं पड़ेगा। इससे उनका समय और डीजल दोनों की बचत होगी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।

एनएचएआइ के प्रोजेक्ट इंजीनियर आकाश ने बताया कि कुंभ से पहले हाईवे के गड्ढों को भरवाकर दुरुस्त कराया जा रहा है। फ्लाईओवर का निर्माण भी तेज गति से किया जा रहा। जल्द पूरा करा लिया जाएगा।

फलौदा-भूराहेड़ी पर फ्लाईओवर बनना बहुत बड़ी राहत है। हाईवे पार करते समय जान का डर लगा रहता था। अब बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित रूप से सड़क पार कर सकेंगे। -धर्मेंद्र राठी।

हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों से आए दिन हादसे होते हैं। जाम के कारण घंटों बर्बाद हो जाते हैं। फ्लाईओवर बनने से जाम भी खत्म होगा और हादसे भी रुकेंगे। -सुरेंद्र राठी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।