'मिस्टर यूपी' बॉडी बिल्डिंग में मुजफ्फरनगर के सुमित ने जीता स्वर्ण पदक, अब 'मिस्टर इंडिया' पर नजर
मुजफ्फरनगर के सुमित कुमार ने अमरोहा में आयोजित मिस्टर यूपी बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में 55-60 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

सर्टिफिकेट प्राप्त करते हुए सुमित। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
सुमित कुमार ने मिस्टर यूपी बाडी बिल्डिंग में स्वर्ण पदक जीता।
उन्होंने 55-60 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
अब सुमित का लक्ष्य मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता जीतना है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। अमरोहा जिले के नौगावां सादात में आयोजित मिस्टर यूपी बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर के सुमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उन्होंने 55 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में प्रदेशभर से आए प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले का नाम रोशन हुआ है।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 200 बाडी बिल्डरों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 55 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में सुमित कुमार ने अपनी बेहतरीन शारीरिक बनावट और दमदार प्रदर्शन कर निर्णायकों को प्रभावित किया और गोल्ड मेडल हासिल किया।
सुमित कुमार वीसी जिम के संचालक विकास चौधरी के मार्गदर्शन में बाडी बिल्डिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर उनके परिवार और क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई।
सुमित ने अब आगामी मिस्टर इंडिया बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता को अपना अगला लक्ष्य बनाया है। इसके लिए वह अभी से तैयारी में जुट गए हैं। उनकी सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।